गरोठ में जन विश्वास अभियान का असर, 270 में से 112 शिकायतों का मौके पर निराकरण गांव-गांव पहुंचा प्रशासन, स्कूल-आंगनबाड़ी से लेकर उचित मूल्य दुकान और उद्योगों का निरीक्षण; हितग्राहियों को योजनाओं की राशि के चेक वितरित

गरोठ। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को गरोठ क्षेत्र में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों से कुल 270 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 112 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष प्रकरणों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को समयसीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अभियान के तहत प्रशासनिक अधिकारियों ने गरोठ क्षेत्र के करीब 25 गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और स्थानीय समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी ली। शिविर में क्षेत्रीय विधायक चंदरसिंह सिसोदिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनुप्रिया यादव, कलेक्टर दिव्यांक सिंह, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। शिविर से पहले अधिकारियों के दल ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। जिन शिकायतों का मौके पर समाधान संभव था, उनका तत्काल निराकरण कराया गया। अभियान के दौरान विधायक, कलेक्टर और अधिकारियों के दल ने क्षेत्र के स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, उचित मूल्य की दुकानों सहित विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। यहां लोगों को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता परखी गई। ग्राम जमुनिया में आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की जानकारी ली गई। ग्राम नारिया बुजुर्ग में स्कूली बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन किया गया और भोजन की गुणवत्ता नियमित रूप से बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। विधायक चंदरसिंह सिसोदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुन रहे हैं तथा उनका त्वरित निराकरण कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने कहा कि अभियान के माध्यम से प्रशासन गांवों तक पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद कर रहा है। जिन समस्याओं का मौके पर निराकरण संभव है, उनका तत्काल समाधान किया जा रहा है, जबकि अन्य मामलों के लिए समयसीमा तय की जा रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का भी अभियान के तहत निराकरण किया जा रहा है। अभियान के दौरान प्रशासन द्वारा करीब एक हजार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण किए जाने की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में उद्योगों और स्वरोजगार से जुड़े कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। ग्राम मानपुरा में उद्यमी रणजीत सिंह चौहान द्वारा स्थापित एएसी ब्लॉक निर्माण फैक्ट्री का विधायक और अधिकारियों ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कहा कि शासन की योजनाओं की मदद से जिले में नए उद्योगों की स्थापना को गति मिल रही है और नव उद्यमी आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। गरोठ में आयोजित उद्यम संवाद में शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित उद्यमियों ने अपनी सफलता की कहानियां भी साझा कीं। उद्यानिकी विभाग की योजनाओं से लाभान्वित भरत सिंह ने दुग्ध उत्पादन, सुभाष पाटीदार ने ऑयल मिल, गोवर्धनलाल ने ट्रैक्टर और सचिन पाटीदार ने गेस्ट हाउस व्यवसाय के अनुभव बताए। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग से लाभान्वित गौरव मोदी ने इलेक्ट्रॉनिक आइटम, आयुष चौधरी ने एम-सैंड और अभय विश्वकर्मा ने ग्राउंडनट व्यवसाय की जानकारी दी। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में हितग्राहियों को आर्थिक सहायता के चेक और आशय पत्र वितरित किए गए। एमएसएमई विभाग की ओर से सुधा घाटिया को काजू उत्पाद निर्माण, मोहित अग्रवाल को एएसी ब्लॉक निर्माण, अनीता फरक्या को गिट्टी एवं सैंड निर्माण, तस्नीम को वायर मेश निर्माण, महेश पाटीदार को गिट्टी एवं सैंड, तरुण अग्रवाल को अलॉय निर्माण और दुर्गाशंकर पाटीदार को बायो ब्रिकेट्स निर्माण के लिए राशि के चेक दिए गए। उद्यानिकी विभाग की योजनाओं के तहत गजेंद्र गिरोठिया, प्रद्युम्न लोहार, संजय, गुणवंत, भेरूलाल, रामप्रसाद और निर्मला को उद्यानिकी गतिविधियों के लिए चेक प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत भारत सिंह को दुग्ध उत्पादन के लिए 8 लाख 89 हजार 218 रुपए का चेक दिया गया। नगर परिषद गरोठ द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत सतीश को दुग्ध व्यवसाय के लिए 15 हजार रुपए, ललित पंवार को बैंड व्यवसाय के लिए 50 हजार रुपए, मीनाक्षी को सिलाई के लिए 25 हजार रुपए, नवदीप को फूल-माली व्यवसाय के लिए 50 हजार रुपए और रेशमा बी को सिलाई के लिए 50 हजार रुपए की राशि के चेक दिए गए। एमएसएमई विभाग द्वारा संजय को ऑटो पार्ट्स व्यवसाय के लिए 1 लाख 50 हजार रुपए और तूफान को ऑनलाइन एवं स्टेशनरी शॉप के लिए 50 हजार रुपए का चेक प्रदान किया गया। सखी स्वावलंबन योजना के तहत मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से लाली बाई को पशुपालन, कृष्णा बाई को सब्जी उत्पादन एवं विक्रय, मेहताब बाई को बागवानी, निर्मला बाई को सब्जी विक्रय और सागर बाई को साड़ी सेंटर के लिए 75-75 हजार रुपए की राशि दी गई। कृष्णा बाई को पशुपालन के लिए 75 हजार और बाली बाई गंधर्व को साड़ी सेंटर के लिए 50 हजार रुपए का चेक दिया गया। उद्यानिकी विभाग की ओर से भारत सिंह को दुग्ध उत्पादन, सुभाष पाटीदार को ऑयल मिल, गोवर्धनलाल को ट्रैक्टर और सचिन पाटीदार को गेस्ट हाउस व्यवसाय के लिए सहायता राशि के चेक दिए गए। वहीं एमएसएमई विभाग की ओर से आयुष पाटीदार को एएसी ब्लॉक, गौरव मोदी को इलेक्ट्रॉनिक आइटम, आयुष चौधरी को एम-सैंड, अभय विश्वकर्मा को ग्राउंडनट, सुभाष पाटीदार और त्रिलोक पाटीदार बारडिया अमरा को ऑयल मिल तथा पृथ्वीराज सिंह मानपुर रोड गरोठ को एएसी ब्लॉक व्यवसाय के लिए चेक प्रदान किए गए। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र गरोठ में भूखंड के लिए सुशील कुमार यादव और आशीष त्यागी को आशय पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेकर रोजगार और व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। अभियान के दौरान एसडीएम गरोठ राहुल चौहान सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन के गांवों तक पहुंचने और मौके पर शिकायतों का निराकरण किए जाने से अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की सेवाओं और योजनाओं से सीधे जोड़ना रहा।

Aug 22, 2026 - 09:15
 0  2

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0