जिला अस्पताल में विधायक का औचक निरीक्षण, डेढ़ घंटे तक परखी व्यवस्थाएं मरीजों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं, अनुपस्थित डॉक्टर-कर्मचारियों को नोटिस और सोनोग्राफी व्यवस्था सुधारने के निर्देश
मंदसौर। विधायक विपिन जैन ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय का करीब डेढ़ घंटे तक औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर इलाज, दवाइयों और अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं जानीं। निरीक्षण के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं की रिपोर्ट विधायक द्वारा जिला कलेक्टर को सौंपी जाएगी। विधायक जैन ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था और भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को दिए जाने वाले विशेष आहार की गुणवत्ता भी जांची। इसके बाद गर्भवती महिलाओं की ओपीडी, टीकाकरण केंद्र और बच्चों के टीकाकरण कार्यक्रम की व्यवस्थाएं देखीं। ओपीडी में पहुंचकर उन्होंने मरीजों से बातचीत की और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक ने डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ को मरीजों एवं उनके परिजनों से सम्मानपूर्वक व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में बड़ी संख्या में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार इलाज के लिए आते हैं। ऐसे मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। विधायक ने सिविल सर्जन को सोनोग्राफी मशीन का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित डॉक्टर को आवश्यक प्रशिक्षण दिलाने के लिए कहा। ड्यूटी से अनुपस्थित मिले डॉक्टर और कर्मचारियों के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। जैन ने मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराने वाले वितरण केंद्र का भी निरीक्षण किया और दवाइयों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद एंबुलेंस के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़े, इसके लिए उन्हें उनके निवास तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश सिविल सर्जन को दिए। विधायक ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर मरीजों और उनके परिजनों से मिली जानकारी को गंभीरता से लिया। निरीक्षण में सामने आई कमियों और अव्यवस्थाओं की रिपोर्ट जिला कलेक्टर को सौंपने की बात कही गई है। निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र गुगर और मीडिया प्रभारी राजनारायण लाड़ भी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

