हाईवे पर पांच तस्कर दबोचे, 67.38 किलो डोडाचूरा जब्त नीमच-मनासा से पंजाब-हरियाणा ले जाने की थी तैयारी, पांच पिठ्ठु बैगों में छिपाकर ले जा रहे थे नशीला पदार्थ; चार मोबाइल भी जब्त

मंदसौर। वायडी नगर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महू-नीमच फोरलेन हाईवे से पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पांच पिठ्ठु बैगों में रखा 67.38 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया गया, जिसकी कीमत पुलिस ने करीब 2 लाख रुपए बताई है। पुलिस के अनुसार आरोपी डोडाचूरा नीमच-मनासा क्षेत्र से लेकर पंजाब और हरियाणा ले जाने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय के नेतृत्व में टीम रात्रि कांबिंग गश्त, भ्रमण और पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान महू-नीमच हाईवे पर पांच संदिग्ध लोग पिठ्ठु बैग लेकर जाते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद पांच बैगों से कुल 67.38 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवदीपसिंह पिता जगसीरसिंह (22), निवासी अजीत नगर, अबोहर, जिला फाजिल्का, पंजाब; राजिन्दरसिंह पिता फौजासिंह (58), निवासी अलियाना, थाना अरनिवाला, जिला फाजिल्का, पंजाब; गुरप्रित पिता अशोक कुमार (29), निवासी राताखेड़ा, थाना रतियासिटी, जिला फतेहाबाद, हरियाणा; अंग्रेजसिंह उर्फ गेजसिंह पिता सुखविन्दरसिंह उर्फ विन्दरसिंह (23), निवासी घट्यावाली बोदला, थाना अरनिवाला, जिला फाजिल्का, पंजाब तथा हरिन्दरपालसिंह उर्फ काला पिता गुरबच्चनसिंह (42), निवासी अलियाना, थाना अरनिवाला, जिला फाजिल्का, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन काले, एक नीले और एक फिरोजी रंग के पिठ्ठु बैग सहित डोडाचूरा जब्त किया है। इसके अलावा एक वीवो कंपनी का मोबाइल, एक कीपेड मोबाइल, एक ओप्पो और एक अन्य वीवो मोबाइल सहित कुल चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना वायडी नगर में अपराध क्रमांक 363/26 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। पूछताछ के आधार पर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवांशु मालवीय, सउनि जगदीश ठाकुर, प्रधान आरक्षक मनीष लबाना, अरविन्द पुरोहित तथा आरक्षक अमित पांचाल, नीरजसिंह, राजेन्द्र मेघवाल, सुधीर राठौर और सुन्दरसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Aug 23, 2026 - 08:22
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0