खेत के मकान में सो रहे बुजुर्ग दंपती पर जानलेवा हमला, पति की मौत; पत्नी गंभीर
गरोठ। थाना क्षेत्र के चांद बार्ड़ा गांव में सोमवार देर रात खेत पर बने मकान में सो रहे बुजुर्ग दंपती पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में देवा बंजारा (74) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी भूली बाई (72) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रतलाम रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, देवा बंजारा और उनकी पत्नी भूली बाई सोमवार रात खेत पर बने मकान में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और दोनों पर हमला कर दिया। हमले में देवा बंजारा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भूली बाई के सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल शासकीय इंदिरा गांधी चिकित्सालय, गरोठ ले गए। मृतक के बेटे नारायण बंजारा ने बताया कि उनकी मां के शरीर पर पहने सोने-चांदी के आभूषण घटना के बाद गायब मिले। इससे आशंका जताई जा रही है कि बदमाश लूट की नीयत से घर में घुसे थे। विरोध करने पर उन्होंने बुजुर्ग दंपती पर हमला किया होगा। हालांकि लूट और हमले की वास्तविक वजह तथा गायब आभूषणों के संबंध में स्थिति पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी। गरोठ अस्पताल में घायल भूली बाई का प्राथमिक उपचार करने वाले डॉ. नारायण सिंह ने बताया कि वृद्धा के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही गरोठ थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने देवा बंजारा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है। पुत्र नारायण बंजारा की शिकायत पर गरोठ थाने में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है। घटना से चांद बार्ड़ा सहित आसपास के ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा करने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

