नीलगाय को बचाने में सीमेंट से भरा ट्रेलर डिवाइडर पर पलटा, दो क्रेन भी नहीं हटा सकीं भारी वजन के कारण ट्रेलर फंसा, शाम तक डिवाइडर पर ही अटका रहा; कुछ देर एक ही लेन से गुजरा यातायात
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। मंदसौर बाईपास पर शनिवार रात करीब 11:30 बजे नीलगाय को बचाने के प्रयास में सीमेंट से भरा ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने सेंट्रल डिवाइडर पर पलट गया। ट्रेलर नीमच से रतलाम की ओर जा रहा था। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे की सूचना मिलने के बाद रविवार सुबह पिपलियामंडी टोल प्लाजा की टीम दो क्रेन मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और ट्रेलर को हटाने का प्रयास शुरू किया। ट्रेलर में बड़ी मात्रा में सीमेंट लदा होने के कारण दोनों क्रेन मिलकर भी उसे डिवाइडर से बाहर नहीं निकाल सकीं। रविवार शाम तक ट्रेलर डिवाइडर के बीच ही फंसा रहा। ट्रेलर को हटाने के प्रयास के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों को एक ही लेन से निकाला गया। हालांकि ट्रेलर डिवाइडर के बीच फंसा होने के कारण सड़क पूरी तरह अवरुद्ध नहीं हुई। इससे बाईपास पर लंबा जाम लगने की स्थिति नहीं बनी। पिपलिया मंडी टोल प्लाजा कर्मचारी गोपाल धनगर ने बताया कि ट्रेलर को हटाने के लिए टीम मौके पर लगी हुई है। ट्रेलर में लोड सीमेंट निकालने के बाद ही उसे आसानी से हटाया जा सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

