दो दिन से थमा मानसून, उमस ने बढ़ाई बेचैनी; 9 अगस्त से पहले बारिश की उम्मीद
मंदसौर, 4 अगस्त। मंदसौर जिले में मानसून की रफ्तार एक बार फिर सुस्त पड़ गई है। रविवार को हुई बारिश के बाद सोमवार और मंगलवार लगातार दूसरे दिन भी जिले के अधिकांश हिस्सों में वर्षा नहीं हुई। बारिश थमने से उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालांकि दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही और शाम के समय मंदसौर सहित कुछ क्षेत्रों में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई, लेकिन तेज और व्यापक बारिश का इंतजार अभी भी बना हुआ है। जिला मुख्यालय सहित दलौदा, अफजलपुर, सीतामऊ, नाहरगढ़, भानपुरा, गरोठ, सुवासरा, शामगढ़, मल्हारगढ़, पिपलियामंडी, नारायणगढ़, डिगांव और बरखेड़ा सहित अधिकांश क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से मौसम लगभग सूखा रहा। बादलों की मौजूदगी के बावजूद बारिश नहीं होने से वातावरण में नमी बढ़ी और लोगों को पूरे दिन उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। जिले में वर्तमान मानसून सीजन के दौरान अब तक कुल 15.48 इंच वर्षा दर्ज की गई है। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में काफी कम है। वर्ष 2025 में इसी अवधि तक जिले में करीब 20 इंच बारिश हो चुकी थी। इस प्रकार इस बार अब तक लगभग पांच इंच कम वर्षा दर्ज की गई है, जिससे किसानों की चिंता भी बढ़ने लगी है। बारिश नहीं होने के बावजूद तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। वर्तमान में जिले का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है, लेकिन वातावरण में नमी अधिक होने से गर्मी का अहसास लगातार बना हुआ है। लोग अब अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं ताकि मौसम में राहत मिल सके और फसलों को भी पर्याप्त नमी मिल पाए। मौसम विभाग के अनुसार जिले में मानसूनी परिस्थितियां अभी सक्रिय बनी हुई हैं और अगले चार दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 5 अगस्त को बादल छाए रहने के साथ रुक-रुककर हल्की बारिश होने की संभावना है। 6 अगस्त को गरज-चमक के साथ वर्षा होने के आसार अधिक हैं। वहीं 7 से 10 अगस्त के बीच अधिकतम तापमान घटकर 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि इस अवधि में जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि 9 अगस्त को अपेक्षाकृत अधिक वर्षा होने की संभावना है। यदि पूर्वानुमान के अनुरूप बारिश होती है तो इससे किसानों की फसलों को संजीवनी मिलेगी और उमस भरी गर्मी से भी लोगों को राहत मिल सकेगी। 00
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

