खेत के बाड़े में फंदे पर लटका मिला 65 वर्षीय किसान, मौत मंदसौर के भालोट में देर रात की घटना; सुबह बेटे ने देखा शव, आत्महत्या के कारणों का पता नहीं
मंदसौर। नई आबादी थाना क्षेत्र के ग्राम भालोट में सोमवार देर रात एक 65 वर्षीय किसान ने खेत पर बने बाड़े में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह किसान के बेटे ने उनका शव फंदे पर लटका देखा तो घटना का पता चला। परिजनों के अनुसार परिवार में किसी तरह की परेशानी नहीं थी और किसान स्वस्थ थे। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। मृतक की पहचान भालोट निवासी गोपाल पिता भगीरथ कुमावत (65) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि गोपाल खेती करते थे और अक्सर खेत पर बने बाड़े में ही रहते थे। सोमवार को भी वे दिन में घर से खेत पहुंचे थे। उनके बेटे पुष्कर के अनुसार वह रोजाना रात में खेत पर मौजूद गाय-भैंसों को देखने के लिए जाता है। सोमवार रात खेत पहुंचने पर उसने अपने पिता को बाड़े में फंदे पर लटका हुआ देखा। पुष्कर ने तत्काल गांव के सरपंच और अन्य परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा गोपाल को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजन उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को जिला अस्पताल की मर्च्युरी में रखवाया गया था। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बेटे पुष्कर ने बताया कि परिवार में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं थी। उनके पिता स्वस्थ थे और उन्हें कोई बीमारी भी नहीं थी। परिवार को यह जानकारी नहीं है कि उन्होंने यह कदम क्यों उठाया। नई आबादी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

