स्कूल वाहनों में खामी मिली तो होगी सख्त कार्रवाई, एक माह की मोहलत गरोठ में बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, बसों की फिटनेस से लेकर अग्निशमन यंत्र तक की होगी जांच
गरोठ। बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने स्कूल वाहनों की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। सघन जांच अभियान के बाद तहसील कार्यालय में एसडीएम राहुल चौहान की अध्यक्षता में स्कूल संचालकों की बैठक हुई। इसमें मंदसौर आरटीओ अधिकारी सुनील मंडलोई, बीईओ देवेंद्र सिसोदिया, बीआरसीसी नेपाल सिंह तोमर सहित विभिन्न स्कूलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में एसडीएम राहुल चौहान ने स्कूल बसों की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने वाहनों की फिटनेस, प्रदूषण प्रमाण पत्र, वैध दस्तावेज, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र और उनके रखरखाव की जानकारी ली। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने स्कूल संचालकों को वाहन संबंधी सभी कमियां दूर करने के लिए एक माह का समय दिया है। एसडीएम ने कहा कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद स्कूल वाहनों की अचानक जांच की जाएगी। जांच के दौरान गंभीर गड़बड़ी मिलने पर वाहन जब्त करने सहित अन्य सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में स्कूल संचालकों ने स्थानीय स्तर पर वाहन फिटनेस की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। संचालक हेमंत पाटीदार सहित अन्य प्रतिनिधियों ने बताया कि गरोठ क्षेत्र से दूर-दराज के इलाकों में स्कूल संचालित होने के कारण वाहनों की फिटनेस के लिए बाहर जाना परेशानी का कारण बनता है। उन्होंने गरोठ में ही फिटनेस सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। स्कूल संचालकों ने उनकी समस्याएं सुनने और संवाद के लिए बैठक आयोजित करने पर एसडीएम राहुल चौहान की पहल की सराहना की। इस पर एसडीएम ने गरोठ की दूरी को देखते हुए स्थानीय स्तर पर आरटीओ से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए जल्द विशेष कैंप लगाने का भरोसा दिलाया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

