रेकी के लिए पानी मांगते, फिर ताला तोड़कर साफ कर देते घर; बागरिया गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार पूर्व विधायक स्व.पुरोहित के निवास समेत 17 चोरी की वारदातों का खुलासा
मंदसौर। मध्यप्रदेश समेत राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और महाराष्ट्र में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली बागरिया गैंग के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद हुए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने पूर्व विधायक ओमप्रकाश पुरोहित के पुत्र क्षितिज पुरोहित के निवास समेत 17 चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। गैंग के चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। एसपी विनोद कुमार मीना ने शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 17 जुलाई को कोतवाली थाना क्षेत्र की हाउसिंग कॉलोनी में चोरी की वारदात हुई थी। बदमाश मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और दो अलमारियों से करीब 20 हजार रुपए नकद तथा सोने-चांदी के पुराने जेवर चोरी कर ले गए थे। घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में 17 वारदातों का खुलासा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को चोरी की 17 वारदातों के बारे में जानकारी मिली है। इनमें इंदौर, रतलाम, आगरा, राजसमंद, नाथद्वारा, उदयपुर, मालेगांव, धुलिया, दिल्ली और गुरुग्राम सहित विभिन्न शहरों में की गई चोरियां शामिल हैं। पुलिस अब इन वारदातों से जुड़े मामलों का सत्यापन कर रही है। पानी मांगकर घर की पूरी जानकारी जुटाते थे एसपी के मुताबिक, गैंग के सदस्य चोरी से पहले इलाके की रेकी करते थे। वे कभी पानी मांगने तो कभी कोई सामान रिपेयर करने के बहाने घर में प्रवेश करते थे। इस दौरान परिवार के सदस्यों की दिनचर्या, घर में मौजूद लोगों की संख्या, अलमारियों की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी जुटाई जाती थी। पूरी जानकारी लेने के बाद मौका देखकर मकान का ताला तोड़कर चोरी की जाती और आरोपी फरार हो जाते थे। जेवर के साथ चोरी के औजार बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल होने वाले दो टॉमी, एक इलेक्ट्रॉनिक कटर, दो ग्लव्स और एक प्लास्टिक प्लास भी जब्त किया गया है। दो गिरफ्तार, चार फरार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवराम उर्फ हनुमान पिता लादूराम बागरिया, निवासी देवरिया कलां, अजमेर और कालूराम पिता रतनलाल बागरिया, निवासी चंपानेरी, अजमेर के रूप में हुई है। फरार आरोपियों में सांवरा पिता रमेश बागरिया, सूरज पिता रमेश बागरिया, मदनबौदिया उर्फ सांवरा, निवासी अजमेर जिले के अलग-अलग गांव, तथा उमराव निवासी कोटिया, भीलवाड़ा और वर्तमान में विजयनगर, ब्यावर में रहने वाला आरोपी शामिल है। पुलिस इन सभी की तलाश कर रही है। चार आरोपियों पर 27 मामले दर्ज पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गैंग के चार आरोपियों के खिलाफ राजस्थान, मध्यप्रदेश, दिल्ली और हरियाणा में कुल 27 मामले दर्ज हैं। शिवराम उर्फ हनुमान के खिलाफ 16 केस दर्ज बताए गए हैं। इनमें इंदौर, दिल्ली, उदयपुर, भिनाय, गुलाबपुरा और केकड़ी सहित विभिन्न स्थानों के मामले शामिल हैं। उमराव पर पांच, जबकि सांवरा और सूरज पर तीन-तीन केस दर्ज हैं। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ उनसे चोरी की अन्य वारदातों और बाकी चोरी के माल के संबंध में पूछताछ करने की तैयारी में है। पुलिस को उम्मीद है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद गैंग की अन्य वारदातों और चोरी के माल की बरामदगी के संबंध में अहम जानकारी मिल सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

