पशुपतिनाथ मंदिर के विकास और व्यवस्थाओं पर मंथन, आय-व्यय का पूरा ब्यौरा अगली बैठक में होगा पेश सांसद सुधीर गुप्ता ने पार्किंग, अतिथि गृह, वेबसाइट और सौर ऊर्जा को लेकर दिए निर्देश; माली समाज की भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा

मंदसौर। पशुपतिनाथ सभागृह में बुधवार को पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंध समिति की बैठक हुई। इसमें मंदिर में चल रहे विकास कार्यों, भविष्य की योजनाओं, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सांसद सुधीर गुप्ता ने अधिकारियों और प्रबंध समिति के सदस्यों को विभिन्न कार्यों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सांसद गुप्ता ने पशुपतिनाथ लोक के निर्माण में सहयोग करने वाले माली समाज को नई जगह उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन से कहा। उन्होंने जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर के आसपास स्थित निजी जमीन को अधिकृत कर भविष्य की जरूरतों को देखते हुए बड़े स्तर पर पार्किंग विकसित करने पर भी जोर दिया। वेबसाइट के आधुनिकीकरण पर सहमति: बैठक में पशुपतिनाथ मंदिर की वेबसाइट के नवीनीकरण और आधुनिकीकरण पर सहमति बनी। वहीं नवीन अतिथि गृह के निर्माण से पहले वर्तमान अतिथि गृह के रखरखाव और उसके निर्माण में हुई अनियमितताओं की जांच कराने के निर्देश दिए गए। सांसद ने तीन विभागों के इंजीनियरों की कमेटी गठित कर जांच कराने और अतिथि गृह को व्यवस्थित करने को कहा। सांसद ने कैफेटेरिया के लिए उपयोग में लाई गई समाज की भूमि को अन्य स्थान पर हस्तांतरित करने की बात कही, ताकि भविष्य में सभी समाजों का सहयोग मंदिर प्रशासन को मिलता रहे। बस स्टैंड के समीप मंदिर ट्रस्ट को दान में मिली करोड़ों रुपए की जमीन पर भी जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जमीन की प्रक्रिया पूरी कर मंदिर प्रशासन उसका मालिकाना हक प्राप्त करे, जिससे भविष्य में मंदिर के लिए आय का बड़ा स्रोत विकसित किया जा सके। अगली बैठक में आय-व्यय का पूरा ब्यौरा मांगा: मंदिर की आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सांसद गुप्ता ने मंदिर प्रबंधक राहुल रूनवाल से कहा कि आगामी बैठक में सबसे पहले मंदिर की आय-व्यय का पूरा विवरण प्रस्तुत किया जाए। बैठक में पुजारियों के वेतनमान बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई। तापेश्वर मंदिर की फर्श के नवीनीकरण को स्वीकृति दी गई। मंदिर परिसर में सौर ऊर्जा के स्रोत स्थापित करने पर भी सहमति बनी। बैठक में कलेक्टर दिव्यांक सिंह, विधायक विपिन जैन, जनपद अध्यक्ष बसंत शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष रामादेवी गुर्जर, सहित पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Sep 10, 2026 - 07:56
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0