बूढ़ा में जनविश्वास शिविर: 348 आवेदन आए, 112 का मौके पर निराकरण; जानी बाई को मिली ट्राईसाइकिल उद्यम संवाद में उद्योगपतियों ने रखे सुझाव, कलेक्टर ने कहा- नए उद्योगों के लिए शासन-प्रशासन देगा पूरा सहयोग; 150 लोगों को रोजगार दे रही मुकेश एग्रो इंडस्ट्रीज का किया निरीक्षण
मंदसौर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को मल्हारगढ़ क्षेत्र के ग्राम बूढ़ा में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं और शिकायतें सुनी गईं। कुल 348 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 112 का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष 236 आवेदनों के निराकरण के लिए समय-सीमा तय की गई। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी दिया गया। ग्राम ढाबला निवासी जानी बाई को आवेदन के बाद तत्काल ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई गई। शिविर के प्रथम सत्र में उद्यम संवाद आयोजित हुआ, जिसमें स्थानीय उद्योगपतियों ने अपने अनुभव और सुझाव रखे। इस दौरान केसीसी और उद्यम पंजीयन प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने कहा कि जिले में नए उद्योग लगाने के लिए शासन-प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा। उद्योग संचालन में किसी प्रकार की समस्या आती है तो उसका निराकरण किया जाएगा। उन्होंने उद्यमियों से शासन की ओर से दी जा रही सब्सिडी और अन्य योजनाओं का लाभ लेकर नए उद्योग स्थापित करने का आग्रह किया। कलेक्टर ने बूढ़ा में स्थापित मुकेश एग्रो इंडस्ट्रीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण भी किया। उन्होंने उद्योग की गतिविधियों और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। यहां विभिन्न प्रकार के कृषि उपकरणों का निर्माण किया जा रहा है। उद्योग संचालक के अनुसार एमएसएमई योजना के तहत करीब 2.50 करोड़ रुपए का ऋण प्राप्त हुआ है, जिस पर करीब 92 लाख रुपए की सब्सिडी मिली है। उद्योग के माध्यम से करीब 150 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। उद्यम संवाद के लिए उद्यानिकी विभाग और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के माध्यम से विभिन्न उद्यमियों का चयन किया गया था। इनमें पशु आहार व्यवसाय से हरपाल सिंह, आटा मिल से रणजीत शर्मा, ऑयल मिल से सुखराम राठौर, कृष्णा एग्रो इंडस्ट्रीज से जगदीश लोहार, मुकेश एग्रो इंडस्ट्रीज से राजेश लोहार तथा न्यू टकरावद वाला एंड कंपनी से राजू लोहार शामिल रहे। शिविर में ग्राम ढाबला निवासी जानी बाई पिता मांगीलाल ने ट्राईसाइकिल के लिए आवेदन दिया था। कलेक्टर ने आवेदन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के बाद शिविर में ही जानी बाई को ट्राईसाइकिल प्रदान कर दी गई। ट्राईसाइकिल मिलने पर उन्होंने खुशी जताते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया। शिविर के साथ कलेक्टर ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर सरकारी संस्थाओं और योजनाओं की जमीनी स्थिति भी देखी। ग्राम दोरवाड़ा में प्राथमिक कृषि साख संस्था का निरीक्षण कर संस्था की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, सुविधाओं और योजनाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए अधिकारियों को किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण कर खाद्यान्न के स्टॉक, वितरण व्यवस्था और अभिलेखों की जांच की। कलेक्टर ने हितग्राहियों को समय पर और निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्राम लसूडिया राठौर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कलेक्टर ने विद्यार्थियों से पढ़ाई और उनकी आवश्यकताओं को लेकर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ भोजन किया और विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। इस दौरान जिला योजना समिति के सदस्य राजेश दीक्षित मौजूद रहे। ग्राम लसूडिया राठौर में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना के अंतर्गत हितग्राही पिंटू कुमार प्रजापति के झीणिवार फूड्स एंड स्पाइसेस का भी निरीक्षण किया गया। ग्राम बादपुर में पंचायत भवन का निरीक्षण किया गया। अभियान के तहत अधिकारियों ने ग्राम मुंदड़ी, सिंदपन, डोडियामिणा, ढाबला, कामलिया, तालाब पिपलिया, लिम्बावास, रीछा, तुरकिया, देवरी, चीताखेड़ी, बैलारा, काल्याखेड़ी गुजरान, चिल्लौद पिपलिया, नापाखेड़ा, सुदवास, काचरिया कदमाला, गर्रावद, फोसरी, रणायरा, गरनाई, दोबड़ा, सरवानिया, संजीत तथा अरनिया जटिया सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन, एसडीएम स्वाति तिवारी, जनपद पंचायत मल्हारगढ़ के सीईओ निर्देशक शर्मा, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी धर्मेश गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

