इलाज के बाद मरीज की मौत पर परिजनों का हंगामा, शव रखकर अस्पताल के सामने बैठे इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर मऊ-नीमच हाईवे पर लगाया जाम, अधिकारियों की समझाइश के बाद हटाया; जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
दलौदा। ग्राम लकमा खेड़ी निवासी नरेंद्र सिंह की इलाज के बाद मौत होने पर परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर दलौदा स्थित विनयदीप हॉस्पिटल पहुंचे और अस्पताल के सामने शव रखकर बैठ गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल के सामने से गुजर रहे मऊ-नीमच हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शन और जाम की सूचना मिलने पर दलौदा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा की। परिजनों ने अधिकारियों के सामने इलाज में लापरवाही के आरोप लगाते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों ने उनकी शिकायत सुनी और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। समझाइश और आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए तथा हाईवे से जाम हटा लिया गया। इसके बाद यातायात सामान्य हुआ। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए इलाज में लापरवाही के आरोपों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मरीज की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा और उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही हुई थी या नहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

