अहमदाबाद में 4.50 करोड़ की एमडी ड्रग्स के साथ मंदसौर के तीन तस्कर गिरफ्तार, 10 दिन की पुलिस रिमांड
मंदसौर। मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में मंदसौर जिले के तार लगातार दूसरे राज्यों तक जुड़ते सामने आ रहे हैं। अब अहमदाबाद क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई में मंदसौर जिले के तीन आरोपियों को 939 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया है। जब्त एमडी की घरेलू बाजार में कीमत करीब 28 लाख रुपए, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 4.50 करोड़ रुपए आंकी गई है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और कार सहित कुल करीब 31 लाख रुपए का अन्य सामान भी जब्त किया गया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के डीसीपी अजीत राज्यान के अनुसार पुलिस को शुक्रवार को सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश के तीन लोग कार से नशीले पदार्थ की डिलीवरी देने अहमदाबाद आने वाले हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने नरोडा क्षेत्र में हंसपुरा चार रास्ता के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार वहां पहुंची तो पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 939 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स बरामद हुई। इसके अलावा आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी मिले। पुलिस ने ड्रग्स, मोबाइल फोन और वाहन सहित करीब 31 लाख रुपए का सामान जब्त किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों की पहचान मंदसौर जिले की सीतामऊ तहसील के दीपाखेड़ा गांव निवासी असलम पिंजारा मंसूरी (29), अमलावद गांव निवासी शेजाद मंसूरी (22) और मंदसौर की इंदिरा कॉलोनी वार्ड-40 निवासी इमरान मंसूरी (28) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी इंदिरा कॉलोनी, मंदसौर निवासी इमरान पठान उर्फ लाला के कहने पर एमडी ड्रग्स लेकर अहमदाबाद पहुंचे थे। उन्हें यह ड्रग्स अहमदाबाद में एक तय व्यक्ति को सौंपनी थी। हालांकि डिलीवरी से पहले ही क्राइम ब्रांच ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस अब इस मामले में ड्रग्स की सप्लाई करने वाले और इसे मंगाने वाले नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से ड्रग्स के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क, अहमदाबाद में डिलीवरी लेने वाले व्यक्ति और इमरान पठान उर्फ लाला की भूमिका के संबंध में पूछताछ कर रही है। मंदसौर जिले से जुड़े आरोपियों की दूसरे राज्यों में मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में गिरफ्तारी पहले भी सामने आती रही है। अहमदाबाद में हुई इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर जिले से बाहर तक फैले ड्रग्स नेटवर्क और तस्करी के लिए इस्तेमाल हो रहे मार्गों को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस की पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और तस्करी के पूरे नेटवर्क के संबंध में और खुलासे होने की संभावना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

