प्रधानमंत्री श्री मोदी के 25 साल के जनसेवा सफर को जनभागीदारी से जोड़ेंगे, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान* पूर्व विधायक एवं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता यशपालसिंह सिसोदिया की पत्रकार वार्ता*

नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को भाजपा मध्यप्रदेश इस बार व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाएगी। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। इसके तहत सेवा, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, युवा सहभागिता, जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद और विकसित भारत-2047 के संकल्प से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पूर्व विधायक एवं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता यशपालसिंह सिसोदिया ने नीमच के भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय तपोभूमि पर आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। इस दौरान जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, नीमच विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता श्री दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू, सेवा संकल्प अभियान संयोजक हेमंत हरित, जिला महामंत्री धन सिंह केथवास, जिला मीडिया प्रभारी मनोज महेश्वरी, सह प्रभारी शुभम शर्मा भी उपस्थित थे। श्री सिसोदिया ने पत्रकार वार्ता में अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि 7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में संवैधानिक दायित्व का निर्वहन करते हुए 25 वर्ष पूर्ण होंगे। भाजपा प्रत्येक वर्ष प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा पखवाड़े के रूप में मनाती है, लेकिन इस वर्ष 25 वर्ष की सेवा यात्रा के कारण पूरे एक माह का विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा, उनके नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से नागरिकों के जीवन में आए बदलाव और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को गांव, बस्ती, परिवार और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। सिसोदिया ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं का व्यापक विस्तार हुआ है। 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने, 4.5 करोड़ से अधिक परिवारों को प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराने, 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण कराने, 100 करोड़ से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जोड़ने और 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने जैसे कार्य हुए हैं। कोरोना महामारी के दौरान 200 करोड़ से अधिक निःशुल्क कोविड टीके उपलब्ध कराने को भी उन्होंने देश की क्षमता और प्रशासनिक दक्षता का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की आर्थिक और वैश्विक स्थिति में भी बदलाव आया है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की भूमिका बढ़ी है। प्रधानमंत्री को मिले 37 अंतरराष्ट्रीय सम्मानों का उल्लेख करते हुए सिसोदिया ने कहा कि ये सम्मान भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा को दर्शाते हैं। आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आतंकवाद के स्रोत और उसके तंत्र के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की गई है। नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों में भी विकास और सामान्य जनजीवन को आगे बढ़ाने का काम हुआ है। महिला नेतृत्व वाले विकास को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का भी उल्लेख किया। सिसोदिया ने बताया कि 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में अभियान की शुरुआत होगी। प्रदेशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन शाम 7 बजे प्रदेश के सभी 71,930 बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री की योजनाओं के लाभार्थियों के घर पहुंचकर उनके साथ दीप प्रज्वलित करेंगे। 2 अक्टूबर को प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। वहीं 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सरकारी और निजी विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ तथा विकसित भारत की कल्पना पर चित्रकला, चित्रकारी और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। अभियान के दौरान ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत प्रधानमंत्री की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की कहानियों को नाट्य और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इनका आयोजन विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और सार्वजनिक स्थानों पर किया जाएगा। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम होंगे। इनमें बच्चों और उनकी माताओं की उपस्थिति में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, महिला कल्याण और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। प्रदेश के सभी 11,404 शक्ति केंद्रों पर ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक कहानियों को सामने लाया जाएगा। प्रत्येक शक्ति केंद्र से कम से कम 10 कहानियां छोटे चलचित्र के रूप में तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा करने की योजना है। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ निकाली जाएगी। विभिन्न क्षेत्रों से पदयात्रा, साइकिल यात्रा और मोटरसाइकिल यात्रा के माध्यम से कार्यकर्ता और नागरिक निर्धारित स्थानों पर पहुंचेंगे। इस दौरान नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा एवं विकास यात्रा की जानकारी देने के साथ विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया जाएगा। अभियान के तहत ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ भी निकाली जाएगी। 250 मोटरसाइकिलों पर 500 यात्री वडनगर स्थित हाटकेश्वर महादेव से यात्रा शुरू करेंगे। यात्रा में गुजरात की पवित्र नदियों और शर्मिष्ठा तालाब का जल लेकर 10 टोलियां वाराणसी पहुंचेंगी, जहां काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। देशभर में 20 यात्राएं निकालने की योजना है, जिनमें 13 यात्राएं मध्यप्रदेश से होकर गुजरेंगी। ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसमें नागरिकों से कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने की अपील की जाएगी। युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने की योजना है। सिसोदिया ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विकासखंड स्तर पर ‘सेवा सेतु शिविर’ आयोजित किए जाएंगे। इनमें विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने, पात्र हितग्राहियों को आवेदन प्रक्रिया में सहायता उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की योजना है। सार्वजनिक स्थलों पर ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ के तहत मानव रंगोली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत का संदेश देने की भी योजना है। युवाओं और नवाचार से जुड़े लोगों के लिए ‘सेवा प्रथम नवाचार चुनौती’ आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थी, युवा उद्यमी, विशेषज्ञ और नवाचार केंद्र भाग लेंगे। चयनित नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा। 17 अक्टूबर को ‘सुशासन, सेवा, संवाद’ कार्यक्रम के साथ अभियान का समापन होगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी अभियान से जोड़ने और सरपंच से लेकर अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ ‘विकसित भारत संकल्प प्रस्ताव’ जैसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही गई है। ब्रिक्स को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सिसोदिया ने कहा कि जब भारत वैश्विक आर्थिक और कूटनीतिक विमर्श के केंद्र में है, तब ब्रिक्स को लेकर कांग्रेस नेताओं के सवाल उनकी निराशाजनक सोच को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि विदेश नीति और राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भारत की अर्थव्यवस्था को ‘कमजोर पांच’ में गिना जाता था, जबकि आज भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। सिसोदिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष केवल राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि जनसेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प की यात्रा हैं। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से इस यात्रा को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। पत्रकार वार्ता का संचालन जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी ने किया एवं आभार जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल ने माना। पत्रकार वार्ता में प्रिंट, इलेक्ट्रानिक, वेब मीडिया से सभी सम्माननीय पत्रकार प्रतिनिधि सम्मिलित हुए।

Sep 14, 2026 - 08:33
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0