दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से भिड़ी कार, तीन श्रद्धालुओं की मौत; एक गंभीर हरियाणा से सांवरिया सेठ और खाटू श्याम के दर्शन के लिए निकले थे चार श्रद्धालु, तड़के 4.30 बजे हुआ हादसा

गरोठ। जिले के गरोठ थाना क्षेत्र से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के करीब 4.30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। चारों श्रद्धालु हरियाणा से सांवरिया सेठ और खाटू श्याम के दर्शन के लिए निकले थे। जानकारी के अनुसार, हरियाणा के श्रद्धालु कार से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। मंगलवार तड़के गरोठ थाना क्षेत्र में तेज बारिश के बीच उनकी कार एक्सप्रेसवे पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान गुड़गांव, हरियाणा के सिकंदरपुर निवासी अरविंद अहीर (39), नाथूपुर निवासी बिन्दर अहीर (33) और अलवर, राजस्थान के बहरोड़ थाना क्षेत्र के पहेल निवासी कैलाश चंद्र गुर्जर (34) के रूप में हुई है। वहीं गुड़गांव निवासी जितेंद्र अहीर (40) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल जितेंद्र ने बताया कि हादसा तड़के उस समय हुआ, जब तेज बारिश हो रही थी और चारों तरफ अंधेरा था। उनके अनुसार एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक बिना इंडिकेटर या लाइट के सड़क किनारे खड़ा था। बारिश और अंधेरे के कारण दृश्यता कम थी। इसी वजह से कार चालक को ट्रक दिखाई नहीं दिया और कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे की सूचना मिलते ही गरोठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों तथा घायल की पहचान की। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच के साथ सड़क किनारे खड़े ट्रक की स्थिति और उसमें सुरक्षा संकेतक लगे होने की भी जांच की जा रही है। सभी मृतकों के शव गरोठ सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखवाए गए हैं। परिजनों के गरोठ पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी और शव उन्हें सौंप दिए जाएंगे।

Sep 16, 2026 - 07:59
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0