अवैध अहाते तत्काल बंद कराएं, दोबारा घटना हुई तो जिम्मेदारों पर होगा आपराधिक प्रकरण: देवड़ा
मंदसौर, 16 सितंबर। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने आबकारी विभाग के संभागीय उपायुक्तों को प्रदेश में अवैध रूप से संचालित सभी अहाते तत्काल बंद कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आबकारी नीति में अहाते प्रतिबंधित हैं। इसके बावजूद यदि किसी जिले में मदिरा दुकानों के आसपास बिना अनुमति शराब का सेवन कराया जा रहा है तो संबंधित लाइसेंसधारियों के साथ जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध भी तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने सागर जिले की घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि इसकी पुनरावृत्ति किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। दोबारा ऐसी घटना होने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उप मुख्यमंत्री देवड़ा मंगलवार को आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक में विभागीय कार्यों और आबकारी अपराधों की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में प्रमुख सचिव अमित राठौर, आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना सहित सभी संभागीय उपायुक्त उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को पदोन्नति के साथ बड़ी जिम्मेदारी मिली है। सभी अधिकारी पूरी दक्षता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। देवड़ा ने अवैध मदिरा के उत्पादन, संग्रहण और विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए। सभी उत्पादन इकाइयों पर विशेष निगरानी रखने और आदतन आबकारी अपराधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा। आवश्यकता होने पर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करने तथा पुलिस विभाग के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय सूचना तंत्र मजबूत कर अवैध गतिविधियों से जुड़ी अधिक से अधिक सूचनाएं प्राप्त करने पर भी जोर दिया। मदिरा दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बेचने यानी ओवररेटिंग को गंभीरता से लेते हुए उप मुख्यमंत्री ने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने की शिकायतों की तत्काल जांच कर कार्रवाई की जाए। अवैध गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री नंबर जारी करने की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी करने को कहा। उप मुख्यमंत्री ने धार्मिक स्थलों और शासन द्वारा निर्धारित पवित्र नगरीय क्षेत्रों में मदिरा बिक्री पर रोक का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। मंदसौर, जबलपुर और नर्मदापुरम सहित विभिन्न स्थानों से प्राप्त शिकायतों का उल्लेख करते हुए उन्होंने अधिकारियों से तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने आबकारी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से निरंतर संवाद बनाए रखने तथा आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का प्रभावी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। देवड़ा ने स्पष्ट किया कि आबकारी अपराधों पर नियंत्रण, अवैध गतिविधियों की रोकथाम और शासन के निर्देशों के पालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

