गरोठ में 2 किलो अफीम जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार मोटरसाइकिल से अफीम लेकर जा रहा था आरोपी, पूछताछ में दूसरे आरोपी का नाम सामने आया; एक फरार

गरोठ। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गरोठ थाना पुलिस ने 2 किलो अफीम जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई आई स्मार्ट मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामले में एक आरोपी फरार है। पुलिस के अनुसार 17 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तुफान पिता शिवलाल, निवासी चांदखेड़ी, मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-14 एमएस-3352 से अफीम लेकर कछालिया तिराहे से पिपल्या मिट्टेशाह की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर सहायक उप निरीक्षक जसराजसिंह चंदेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कछालिया रोड स्थित गज्जाखेड़ी फंटे के पास घेराबंदी की। पुलिस ने बताए गए हुलिए के आधार पर तुफान को रोककर तलाशी ली। उसके कब्जे से 2 किलो अवैध अफीम बरामद हुई। अफीम के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही आई स्मार्ट मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। पूछताछ में तुफान ने पुलिस को बताया कि वह अफीम दरियावसिंह पिता उंकारसिंह, निवासी सेमलीरूपा से लेकर आया था और इसे पिपल्या मिट्टेशाह निवासी श्रवणसिंह को देने जा रहा था। पुलिस ने मामले में तुफान को गिरफ्तार करने के बाद जांच आगे बढ़ाई और दरियावसिंह पिता उंकारसिंह (65), निवासी सेमलीरूपा को भी गिरफ्तार कर लिया। श्रवणसिंह पिता कालुसिंह निवासी पिपल्या मिट्टेशाह फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गरोठ थाने में अपराध क्रमांक 368/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 और 29 में प्रकरण दर्ज किया है। जब्ती में 2 किलो अफीम कीमत करीब 3 लाख रुपए, 20 हजार रुपए कीमत का सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 50 हजार रुपए कीमत की आई स्मार्ट मोटरसाइकिल शामिल है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक बलवीरसिंह यादव, सहायक उप निरीक्षक जसराजसिंह चंदेल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Sep 18, 2026 - 08:14
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0