अफजलपुर में 60 किलो डोडाचूरा पकड़ा, दो गिरफ्तार राजस्थान के आरोपी समेत दो तस्कर गिरफ्तार, छह लाख की ब्रेजा कार भी जब्त

मंदसौर। अफजलपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 60 किलो 100 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ब्रेजा कार भी जब्त की। मामले में मंदसौर और राजस्थान निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त डोडाचूरा की कीमत करीब 1.20 लाख रुपए और कार की कीमत करीब छह लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार 16 सितंबर को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की ब्रेजा कार क्रमांक जीजे 08 सीसी 2439 में दो लोग डोडाचूरा लेकर डिगांव के रास्ते सीतामऊ की ओर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक विकास गेहलोत ने पुलिस टीम के साथ कमालपुरा फंटा, ग्राम बिलात्री के पास नाकाबंदी कराई। कुछ देर बाद सूचना के अनुसार ब्रेजा कार वहां पहुंची। पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया तो चालक उसे कमालपुरा की ओर मोड़कर ले जाने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। तलाशी लेने पर कार की डिक्की में तीन काले रंग के कट्टे मिले। इनमें 60 किलो 100 ग्राम डोडाचूरा भरा हुआ था। पुलिस ने कार चालक लखन पिता सुन्दरलाल (25) निवासी निंबाखेड़ी, थाना दलौदा, जिला मंदसौर और उसके साथ बैठे अरविन्द पिता राधाकिशन (25) निवासी काजली, थाना रठाजना, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ अफजलपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी लखन के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विकास गेहलोत सहित अफजलपुर थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Sep 18, 2026 - 08:15
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0