बालिकाओं से कथित छेड़छाड़ के बाद पुलिस के खिलाफ फूटा आक्रोश, बारिश में सड़क पर बैठे कार्यकर्ता, पुलिस पर कार्रवाई में देरी और पीड़ित बालिकाओं को थाने पर बैठाए रखने का आरोप, हनुमान चालीसा पढ़कर जताया विरोध
पिपलिया स्टेशन (जेपी तेलकार)। नगर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। गुरुवार रात सब्जी मंडी मार्ग पर बालिकाओं के साथ कथित छेड़छाड़, गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार की घटना के बाद पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई नहीं किए जाने के आरोप में शुक्रवार को हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बरसते पानी में गांधी चौराहे पर धरना दिया। करीब एक घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ कर पुलिस प्रशासन को सद्बुद्धि देने की कोशिश की और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद एसडीओपी पिन्टू बघेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी तथा पुलिस चौकी में आकर मामले पर चर्चा करने को कहा। इसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पुलिस चौकी पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जमकर नाराजगी जताई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि यदि पुलिस शिकायत मिलते ही कार्रवाई करती तो उन्हें बारिश में सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने की आवश्यकता नहीं पड़ती। बाद में पुलिस द्वारा एक आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी गई। एसडीओपी के शीघ्र कार्रवाई के आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं ने लिखित ज्ञापन सौंपा। ’बारिश में धरने पर बैठे कार्यकर्ता, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी:- शुक्रवार दोपहर करीब 12.30 बजे बड़ी संख्या में हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता गांधी चौराहे पर एकत्रित हुए। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं द्वारा सड़क जाम करने की चेतावनी भी दी गई थी। विरोध प्रदर्शन शुरू होते ही कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए। उस समय बारिश हो रही थी, इसके बावजूद कार्यकर्ता धरने पर डटे रहे। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्होंने बालिकाओं से कथित छेड़छाड़ के मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि गुरुवार रात सब्जी मंडी मार्ग पर बालिकाओं के साथ कथित छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार की घटना के बाद परिजन शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंचे थे। इसके बावजूद आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। कार्यकर्ताओं का यह भी आरोप था कि बालिकाओं को करीब दो घंटे तक थाने पर बैठाए रखा गया। तेज रफ्तार बाइक से बालिकाओं को टक्कर मारने की कोशिश का आरोप:- एसडीओपी को सौंपे गए ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने गुरुवार रात की घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि रात करीब 8.30 बजे दो-तीन बहनें सब्जी मंडी से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो युवक उनके समीप पहुंचे और अचानक ब्रेक लगाए। कार्यकर्ताओं के अनुसार, यदि बालिकाएं समय रहते पीछे नहीं हटतीं तो बाइक की चपेट में आ सकती थीं और गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जब एक बालिका ने युवकों की इस हरकत का विरोध किया तो उन्होंने कुछ दूरी पर बाइक रोककर सरेराह गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया व छेड़छाड़ की। घटना के बाद पीड़ित पक्ष द्वारा शिकायत किए जाने के बावजूद कार्रवाई में देरी होने का आरोप लगाया गया। ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि घटना के बाद जब पीड़ित परिवार और क्षेत्रवासी शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंचे तो चौकी प्रभारी तथा थाने पर थाना प्रभारी मौके पर उपलब्ध नहीं थे। एसडीओपी के पहुंचने के बाद भी चौकी पहुंचे कार्यकर्ता:- धरना शुरू होने के करीब एक घंटे बाद एसडीओपी पिन्टू बघेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चर्चा की और उन्हें समझाइश देकर धरना समाप्त करने तथा पुलिस चौकी में आकर मामले पर चर्चा करने को कहा। इसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए चौकी पहुंचे। चौकी पर विहिप के जिला सहमंत्री नीलेश जैन, दुर्गावाहिनी जिला संयोजिका तनीषा डाबी, प्रखंड अध्यक्ष मनोहर मनवानी, ललित कसेरा, पवन राव, आकाश वाल्मिकी, शुभम शर्मा, आयुष माली, अजय माली, प्रहलाद लक्षकार, माया गुप्ता, ज्योति बैरागी, अवनी पंवार, जयाकिशोरी शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई। होटल और मकानों में संदिग्ध गतिविधियों की जांच की मांग:- कार्यकर्ताओं ने मल्हारगढ़ तहसील क्षेत्र की कुछ होटलों तथा पिपलियामंडी के कनघट्टी मार्ग स्थित कुछ मकानों में बिना वैध पहचान पत्र के कमरे उपलब्ध कराए जाने की शिकायत भी ज्ञापन में की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर नियमों की अनदेखी कर युवक-युवतियों को कमरे दिए जा रहे हैं। साथ ही नाबालिगों को कमरे उपलब्ध कराने के आरोपों की जांच करने तथा यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाए तो संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई। एसडीओपी के आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं का आक्रोश शांत हुआ। एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी:- मामले को लेकर चौकी प्रभारी रितेश डामोर ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रुपी निवासी राहुल भाटी को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

