पैसे मांगने पर रेस्टोरेंट संचालक से मारपीट, पंचायती के विवाद में भाइयों को पीटा

पिपलिया स्टेशन। नाहरगढ़ और नारायणगढ़ क्षेत्र में विवाद के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं। इनमें गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। नाहरगढ़ में चाय और सामान के रुपए मांगने पर रेस्टोरेंट संचालक से मारपीट कर काउंटर का कांच तोड़ने का मामला सामने आया है। वहीं बहन को भगाकर ले जाने के मामले में समाज की पंचायती को लेकर युवक और उसके भाई से मारपीट का आरोप है। नापाखेड़ा में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के बाद सरपंच प्रतिनिधि और पंचायत सचिव को फोन पर गाली-गलौज कर धमकी देने की शिकायत की गई है। पहले मामले में खेड़ी मोहल्ला नाहरगढ़ निवासी परमानंद पिता गोपाल धाकड़, उम्र 28 वर्ष, ने पुलिस को बताया कि वह कचनारा चोपाटी पर बालाजी रेस्टोरेंट संचालित करता है। ग्राम कोटड़ी मांडा निवासी लवकुश का रेस्टोरेंट पर आना-जाना होने से वह उसे पहचानता है। शाम करीब 7 बजे लवकुश रेस्टोरेंट पर आया और चाय व अन्य सामान लेने के बाद जाने लगा। परमानंद ने जब उससे सामान और चाय के रुपए मांगे तो आरोप है कि वह नाराज हो गया और अश्लील गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद हाथ में पहने कड़े से काउंटर पर वार कर कांच तोड़ दिया। गाली देने से मना करने पर हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की, जिससे परमानंद के हाथ में चोट आई। रेस्टोरेंट कर्मचारी राजेंद्र सिंह ने बीच-बचाव किया। आरोप है कि जाते समय आरोपी ने दोबारा चाय के रुपए मांगने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। दूसरे मामले में नाहरगढ़ निवासी विजेश पिता बाबूलाल, जाति गाड़ी लोहार, उम्र 23 वर्ष, ने अपने पिता के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। विजेश के अनुसार कालू पिता नारायण गाड़ी लोहार का भांजा विष्णु चौहान उसकी बहन राधा को भगाकर ले गया था। इस मामले को लेकर समाज में पंचायती और फैसले की बात चल रही थी। 25 सितंबर की शाम करीब 6 बजे विजेश नाहरगढ़ बस स्टैंड स्थित शंभू की दुकान पर दही लेने के लिए खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान कालू, उसका पुत्र आकाश और गोपाल पिता नारायण वहां पहुंचे और पंचायती की बात को लेकर अश्लील गाली-गलौज करने लगे। गाली देने से मना करने पर तीनों ने हाथ-थप्पड़ और लात-घूंसों से मारपीट की। इससे विजेश के सिर और पीठ में चोट आई। उसका भाई दिनेश बीच-बचाव करने आया तो उसके साथ भी मारपीट की गई, जिससे मुंह में चोट लगी। बाद में किशन और दिलीप ने बीच-बचाव किया। आरोप है कि जाते समय तीनों ने पंचायती कराने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। तीसरे मामले में ग्राम पंचायत नापाखेड़ा के सरपंच प्रतिनिधि रूपसिंह पिता हरिसिंह सौंधिया राजपूत, उम्र 36 वर्ष, निवासी नागर पिपलिया ने पंचायत सचिव विनोद सिंह चौहान के साथ नारायणगढ़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार नापाखेड़ा की शासकीय भूमि सर्वे क्रमांक 107, मद सड़क, कुल 2.08 हेक्टेयर भूमि पर दीवार और दुकान बनाकर अतिक्रमण किया गया था। राजस्व विभाग ने 23 सितंबर को अतिक्रमण हटाया था। आरोप है कि इसके बाद नापाखेड़ा निवासी परमेश्वर पिता मोतीलाल डांगी ने सरपंच प्रतिनिधि को फोन कर अतिक्रमण हटाने को लेकर अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। कुछ समय बाद पंचायत सचिव विनोद सिंह को भी फोन कर गाली-गलौज की और अतिक्रमण हटवाने का आरोप लगाते हुए अकेले मिलने पर जान से खत्म करने की धमकी देने की शिकायत की गई। पुलिस ने तीनों मामलों में शिकायतें प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Sep 28, 2026 - 08:10
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0