मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर कांग्रेस का प्रदर्शन काली पट्टी बांधकर निकाला मार्च, कलेक्ट्रेट में राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; बाहर पुतला फूंका

मंदसौर। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जिला कांग्रेस ने बुधवार को प्रदर्शन किया। गांधी चौराहे स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला। हाथों पर काली पट्टी बांधकर कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराने, उनके इस्तीफे तथा उनके कार्यकाल में लिए गए विवादित निर्णयों और मतदाता सूची में हुए बदलावों की व्यापक समीक्षा की मांग की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और निर्वाचन संबंधी फैसलों को लेकर सवाल उठे हैं। कांग्रेस ने दावा किया कि पिछले 10 महीनों में निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के फैसलों पर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्ति दर्ज की। रिपोर्टों के अनुसार, इन आपत्तियों में नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम हटाने और निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली से जुड़े मुद्दे शामिल थे। कांग्रेस ने कहा कि इन मामलों की स्वतंत्र जांच से निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और जनता के विश्वास से जुड़े सवालों का समाधान हो सकेगा। वहीं निर्वाचन आयोग का कहना है कि एसआईआर सहित आयोग के प्रमुख फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं और आयुक्तों के बीच दर्ज अलग-अलग राय आंतरिक प्रक्रिया का हिस्सा है। कलेक्ट्रेट के बाहर पुतला फूंका प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय के बाहर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। इसके बाद महिला कांग्रेस की नेत्रियों ने पुतले को पैरों तले कुचलकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान ‘वोट चोर गद्दी छोड़’, ‘चुनाव आयोग मुर्दाबाद’ और ‘ज्ञानेश कुमार मुर्दाबाद’ सहित अन्य नारे लगाए गए।

Oct 1, 2026 - 08:17
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0