एक साल से हत्या के प्रयास का आरोपी फरार, पुलिस के इनाम के बाद भी बचता रहा; आखिरकार गिरफ्त में आया नयापुरा के जावेद पर हमला मामले में सात आरोपी थे नामजद, छह पहले पकड़े जा चुके; मुखबिर की सूचना पर रशीद मेवाती गिरफ्तार
मंदसौर। हत्या के प्रयास के मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे इनामी आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रशीद पिता मुमुखां मेवाती निवासी नयापुरा मंदसौर घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक मंदसौर की ओर से इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। अब उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार 5 सितंबर 2025 को नयापुरा निवासी जावेद पिता जाकीर शाह की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में सात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, जान से मारने की धमकी और गाली-गलौज सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने मामले में शामिल आरोपियों की तलाश शुरू की थी। प्रकरण में नामजद छह आरोपियों रफीक उस्ताद, सिद्दीक मेवाती, समीर उस्ताद मेवाती, सोहेल मेवाती, सेन मेवाती और हसनेन मेवाती को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। वहीं आरोपी रशीद पिता मुमुखां मेवाती पुलिस गिरफ्त से बाहर था। लंबे समय तक उसके हाथ नहीं आने के बाद पुलिस अधीक्षक की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया था। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों और उसके संपर्कों की जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से रशीद के संबंध में सूचना मिली। सूचना की तस्दीक के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है। मामले में आरोपी से पूछताछ के साथ प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, सहायक उपनिरीक्षक अनिल चौधरी, प्रधान आरक्षक विनोद नामदेव, आरक्षक हरीश राठौड़, अरुण मालवीय, आशुतोष गिरी और शैलेन्द्र सिंह शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

