37 लाख के अटल ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण, देवड़ा बोले- विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बना मध्यप्रदेश खेरखेड़ा में उप मुख्यमंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, बोले- गांधीसागर का पानी हर खेत तक पहुंचाने की दिशा में काम जारी
मंदसौर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने शनिवार को मंदसौर जिले के ग्राम खेरखेड़ा में 37 लाख रुपए की लागत से निर्मित अटल ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश आज विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। शासन स्तर पर सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार काम किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत आमजन की शिकायतों और समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है। शिविरों में प्राप्त होने वाले आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। शासन और प्रशासन द्वारा जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। प्रदेश में सड़क नेटवर्क के विस्तार का जिक्र करते हुए देवड़ा ने कहा कि गांव-गांव को सड़कों से जोड़ा गया है। पहले जिन स्थानों तक पहुंचने में पांच घंटे लगते थे, वहां अब करीब दो घंटे में पहुंचना संभव हो गया है। राज्य शासन द्वारा पेयजल और बिजली व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से लोगों के नि:शुल्क उपचार की व्यवस्था की गई है। मल्हारगढ़ क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के गांव-गांव को सड़कों से जोड़ा गया है। गांधीसागर बांध का पानी हर खेत तक पहुंचाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य किए जा रहे हैं और मध्यप्रदेश विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि गेहूं उत्पादन में प्रदेश देश में अव्वल है। हर खेत को पानी और हर घर नल से जल पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है। किसानों की आय दोगुनी करने के प्रयास जारी हैं और किसान हित सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने वृक्षारोपण भी किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, मदन लाल राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

