सोमिया के पास दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, तीन युवकों की मौत; महिला गंभीर पिपलियामंडी-मनासा मार्ग पर हादसा, टक्कर के बाद सड़क पर दूर जा गिरे बाइक सवार
पिपलिया स्टेशन। पिपलियामंडी-मनासा मार्ग पर शुक्रवार शाम सोमिया के समीप तेज रफ्तार दो बाइकों के लिए जानलेवा साबित हुई। आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। डायल-112 पुलिस वाहन और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार पिपलिया रावजी, जिला नीमच निवासी पुष्कर (35) पिता बाबूनाथ अपनी पत्नी रेखा (30) के साथ बाइक से नारायणगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सावन, जिला नीमच निवासी जितेंद्र (26) पिता राजमल भाटी और बबलू (27) पिता राजमल बावरी बाइक से मनासा की ओर जा रहे थे। सोमिया के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि चारों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गए। दुर्घटना के बाद सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में डायल-112 का पुलिस वाहन और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस और एंबुलेंस कर्मचारियों ने चारों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद पुष्कर, जितेंद्र और बबलू को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल रेखा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल मंदसौर रेफर किया गया। हादसे में तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में शोक छा गया। नारायणगढ़ थाना प्रभारी राजेंद्रकुमार पंवार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना तेज गति के कारण होना सामने आया है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने मामला जांच में लेकर दुर्घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

