इको कार से 62 किलो 900 ग्राम डोडाचूरा जब्त, तीन गिरफ्तार रूनिजा चौकी पुलिस की कार्रवाई; राजस्थान और पंजाब के आरोपियों से 1 लाख 55 हजार रुपए का डोडाचूरा, वाहन और मोबाइल जब्त

मंदसौर। सुवासरा थाना क्षेत्र की रूनिजा पुलिस चौकी ने अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 62 किलो 900 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त डोडाचूरा की कीमत 1 लाख 55 हजार रुपए बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल इको कार और तीन मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 4 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग इको कार से डोडाचूरा लेकर जा रहे हैं। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामसनेही मिश्रा और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के नेतृत्व में सुवासरा थाना प्रभारी निरीक्षक बीडी बीरा ने रूनिजा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक भारत कटारा को पुलिस टीम के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने ढाबला देवल यात्री प्रतीक्षालय के पास घेराबंदी कर इको कार क्रमांक आरजे 20 सीबी 7893 को रोका। तलाशी लेने पर विमल के थैलों और ट्रॉली बैग में कुल 62 किलो 900 ग्राम डोडाचूरा मिला। पुलिस ने मौके से कालूसिंह पिता सरदारसिंह सोंधिया राजपूत, निवासी बिस्तुनिया, थाना पगारिया, जिला झालावाड़, राजस्थान; लड़ी पिता सौदा योगीनाथ, निवासी ईडब्ल्यूएस कॉलोनी, ताजपुर रोड, लुधियाना, पंजाब और जॉन पिता अचीनाथ, निवासी गली नंबर 6, जी सिटी कॉलोनी, साहबना रोड, ताजपुर, लुधियाना, पंजाब को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सुवासरा थाने में अपराध क्रमांक 288/26, धारा 8/15 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पूछताछ में डोडाचूरा के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों को पुलिस रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने 62 किलो 900 ग्राम डोडाचूरा, जिसकी कीमत 1 लाख 55 हजार रुपए बताई गई है, के अलावा दो एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल और करीब 5 लाख रुपए कीमत की सफेद रंग की इको कार क्रमांक आरजे 20 सीबी 7893 जब्त की है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक बीडी बीरा, रूनिजा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक भारत कटारा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Oct 6, 2026 - 08:17
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0