नाकाबंदी देख पिकअप छोड़कर भागा चालक, 10.59 लाख का 529 किलो डोडाचूरा जब्त सीतामऊ-मंदसौर रोड पर नागराजखेड़ा में पुलिस की कार्रवाई, 5 लाख की बोलेरो पिकअप भी जब्त; अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

सीतामऊ। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीतामऊ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 529 किलो 690 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से करीब 10 लाख 59 हजार रुपए कीमत का अवैध मादक पदार्थ और 5 लाख रुपए कीमत की महिंद्रा बोलेरो पिकअप जब्त की। पुलिस की नाकाबंदी देखकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना 8 और 9 अगस्त की दरमियानी रात करीब 2 बजे की है। अवैध मादक पदार्थ की धरपकड़ के लिए थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति ने उपनिरीक्षक मूलचंद धाकड़ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की थी। 9 अगस्त को उपनिरीक्षक मूलचंद धाकड़ को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में अवैध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सीतामऊ-मंदसौर रोड पर नागराजखेड़ा स्थित देवनारायण मंदिर के सामने नाकाबंदी की। इसी दौरान पुलिस टीम को एक बोलेरो पिकअप आती दिखाई दी। पुलिस की नाकाबंदी देखकर चालक ने वाहन मोड़ लिया और पुलिस से बचने के प्रयास में नागराजखेड़ा स्थित देवनारायण मंदिर के सामने सड़क पर महिंद्रा लोडिंग बोलेरो पिकअप छोड़कर फरार हो गया। पुलिस टीम ने वाहन को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान पिकअप में काले रंग के प्लास्टिक के 34 कट्टे मिले। कट्टों की जांच करने पर उनमें कुल 529 किलो 690 ग्राम अवैध डोडाचूरा भरा मिला। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 10 लाख 59 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने महिंद्रा बोलेरो पिकअप क्रमांक MP14ZG6942 भी जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल करीब 15 लाख 59 हजार रुपए कीमत का मादक पदार्थ और वाहन जब्त किया है। मामले में थाना सीतामऊ पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 426/2026 दर्ज किया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस अब जब्त पिकअप के आधार पर फरार चालक की पहचान और मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति, उपनिरीक्षक मूलचंद धाकड़ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम का सराहनीय योगदान रहा।

Aug 10, 2026 - 08:10
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0