भूसे के कोठार में 7 फीट लंबा अजगर देख मचा हड़कंप, आधे घंटे में किया रेस्क्यू गरोठ वन परिक्षेत्र के बामनी गांव में 13 किलो वजनी अजगर मिला, वन विभाग की टीम ने गांधीसागर अभयारण्य में छोड़ा

गरोठ। गरोठ वन परिक्षेत्र के बामनी गांव में रविवार दोपहर उस समय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया, जब एक किसान के खेत में बने भूसे के कोठार में करीब 7 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। अजगर का वजन करीब 13 किलोग्राम बताया गया है। खेत में अजगर दिखाई देने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों की नजर खेत में बने भूसे के कोठार में मौजूद अजगर पर पड़ी। अजगर को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। खेत मालिक भगवान सिंह ने तत्काल प्रभारी रेंजर नगुलाल मालवीय को सूचना दी। सूचना मिलते ही गरोठ और भानपुरा वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम में डिप्टी रेंजर दीवान सिंह जादौन, मुकेश मालवीय, दिलीप सिंह, किशोर गोस्वामी और सुनील बागड़ी शामिल थे। वन विभाग के कर्मचारियों ने स्थिति का जायजा लेने के बाद ग्रामीणों के सहयोग से अजगर को पकड़ने की प्रक्रिया शुरू की। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने 7 फीट लंबे और करीब 13 किलोग्राम वजनी अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ने के लिए टीम गांधीसागर वन्यजीव अभयारण्य लेकर रवाना हुई। वन विभाग के रेंजर नगुलाल मालवीय ने ग्रामीणों से अपील की है कि खेत या आबादी क्षेत्र में किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीव को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।

Aug 10, 2026 - 08:12
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0