नवरात्रि के पहले दिन माता के जयकारों से गूंजा मंदसौर, गरबा पांडालों में घट स्थापना नालछा माता मंदिर में महाआरती, शहर के चौक-चौराहों और कॉलोनियों में गरबोत्सव की धूम
मंदसौर/। शहर में शारदीय नवरात्रि पर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ शुरू हुआ। सोमवार को नवरात्रि के पहले दिन शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। विभिन्न गरबा पांडालों में मुहूर्त के अनुसार घट स्थापना और माता की प्रतिमाओं का पूजन किया गया। प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों, गली-मोहल्लों और कॉलोनियों में माता के जयकारे गूंजते रहे। ढोल-नगाड़ों के साथ माता की प्रतिमाओं को गरबा पांडालों तक पहुंचाया गया। नवरात्रि के पहले दिन माता की प्रतिमाओं को पांडालों तक ले जाने के दृश्य आकर्षण का केंद्र रहे। मिनी ट्रक, हाथ ठेले, बड़े ट्रक, कार और जीप में प्रतिमाएं लेकर आयोजक अपने-अपने गरबा प्रांगणों तक पहुंचे। शहर के साथ जिले के छोटे गांवों और कस्बों में भी नवरात्रि की रौनक दिखाई दी। श्रद्धालुओं ने समूहों में पहुंचकर अपने गांवों में घट स्थापना की और माता की आराधना में भाग लिया। मालवांचल की वैष्णो देवी के नाम से प्रसिद्ध श्री नालछा माता मंदिर शक्तिपीठ पर भी महाआरती का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर का इतिहास रामायण काल से जुड़ा माना जाता है। मंदिर परिसर में तंत्र साधना की परंपरा भी रही है। वर्तमान में नवनिर्मित मंदिर में शारदीय और चैत्र नवरात्रि के दौरान विशेष रूप से माता की आराधना की जाती है। शहर में बड़ा चौक, जनकुपुरा, खानपुरा, गांधी चौक, गोल चौक, आनंद गरबा चौक नई आबादी, नगर पालिका परिसर स्थित गुजराती गरबा, संजीत रोड के महारानी लक्ष्मीबाई चौक, राम टेकरी, जनता कॉलोनी, अभिनंदन नगर, स्नेह नगर और स्टेशन क्षेत्र की कॉलोनियों में गरबोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। विभिन्न प्रांगणों में माता की आराधना, गरबा नृत्य और श्रद्धालुओं की भागीदारी से उत्सव का माहौल बना हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

