अघोषित बिजली कटौती पर कांग्रेस का एमपीईबी कार्यालय घेराव विधायक विपिन जैन ने अधिकारियों को चेताया, जिला पंचायत सदस्य दीपकसिंह गुर्जर ने उठाए अवैध वसूली और मनमाने बिल के मुद्दे; राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

मंदसौर। अघोषित बिजली कटौती, मनमाने बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने एमपीईबी के जिला कार्यालय का घेराव किया। जिला पंचायत सदस्य दीपकसिंह गुर्जर के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में विधायक विपिन जैन भी शामिल हुए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर ग्रामीण क्षेत्रों में दिन-रात हो रही कटौती बंद करने सहित छह प्रमुख मांगें उठाईं। प्रदर्शन के दौरान विधायक जैन ने अधीक्षण यंत्री योगेश आठनेरे के सामने बिजली संबंधी शिकायतों के निराकरण में देरी और विभागीय कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की मांगों को हल्के में न लिया जाए और जवाब देते समय अधिकारी गंभीरता बरतें, अन्यथा उन्हें घेराव का सामना करना पड़ेगा। विधायक जैन ने करीब डेढ़ महीने पहले बिजली संबंधी शिकायतों को लेकर दिए गए पत्र का जवाब नहीं मिलने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मेंटेनेंस के नाम पर बिजली कटौती करनी है तो इसकी शुरुआत मुख्यमंत्री, सांसदों, विधायकों और अधिकारियों के यहां से की जाए, उसके बाद आम जनता की बिजली काटी जाए। उन्होंने कहा कि कृषि देश का सबसे बड़ा आधार है। किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से खेती और पूरी व्यवस्था प्रभावित होती है। रात में भी कटौती से किसान परेशान मीडिया से चर्चा में विधायक विपिन जैन ने कहा कि जिलेभर में अघोषित बिजली कटौती से आम लोग परेशान हैं। किसान सुबह खेतों पर जाते हैं और शाम को घर लौटते हैं। ऐसे में खाना बनाने और खाने के समय बिजली गुल होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। इसी समस्या को लेकर विभाग का घेराव किया गया है। उन्होंने बिजली कनेक्शन और अन्य कार्यों के नाम पर पैसे मांगने संबंधी शिकायतें भी लिखित में देने की बात कही। जिला पंचायत सदस्य दीपकसिंह गुर्जर ने ज्ञापन का वाचन करते हुए कहा कि पिछले एक सप्ताह से ग्रामीण क्षेत्रों में लोड मैनेजमेंट के नाम पर दिन के साथ रात में भी बिजली काटी जा रही है। इससे गांवों में अंधेरे की स्थिति बन रही है। मंदसौर शहर सहित अन्य नगरीय क्षेत्रों में भी बिजली कटौती की शिकायतें हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में किसान और आम जनता परेशान हैं। उनके अनुसार, 365 दिनों में से 265 दिन बिजली बंद रहने जैसी स्थिति है, जबकि उपभोक्ताओं को पूरा बिल चुकाना पड़ता है। अवैध वसूली और मनमाने बिल की शिकायतें घेराव के दौरान बिजली विभाग के अधिकारियों के सामने कथित अवैध वसूली और मनमाने बिल के मामले भी उठाए गए। प्रदर्शनकारियों ने नई टीपी लगाने के नाम पर पांच हजार रुपए मांगने और एक उपभोक्ता से रसीद दिए बिना रुपए लेने की शिकायत रखी। विधायक जैन ने संबंधित उपभोक्ता को मौके पर बुलाकर मामला उठाया। इन शिकायतों पर अधिकारियों से जवाब मांगा गया। छह मांगों को लेकर ज्ञापन कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम सौंपे ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों में दिन और रात की अघोषित बिजली कटौती बंद करने, नगरीय क्षेत्रों में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और आगामी त्योहारों के दौरान पर्याप्त बिजली देने की मांग की। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर से अधिक बिल आने की शिकायतों का निराकरण करने, प्रस्तावित बिजली दर वृद्धि रोकने, स्मार्ट मीटर के विरोध के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज पुलिस प्रकरण समाप्त करने तथा ओवरलोड और बिजली चोरी के कथित झूठे मामलों को वापस लेने की मांग की गई। ज्ञापन में बकाया बिजली बिल के कारण बैंक खाते होल्ड करने और सामान की कुर्की जैसी कार्रवाइयों से आम नागरिकों को राहत देने की मांग भी शामिल है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे त्योहारों के दौरान बिजली कटौती से आम लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। इसलिए विभाग को समय रहते व्यवस्था सुधारनी चाहिए। एक-दो दिन में आपूर्ति सुधारने की उम्मीद अधीक्षण यंत्री योगेश आठनेरे ने बताया कि लोड मैनेजमेंट के चलते बिजली आपूर्ति बंद की जा रही है। फिलहाल मेंटेनेंस का काम भी चल रहा है। उच्च स्तर से मिले निर्देशों के अनुसार, एक-दो दिन में बिजली आपूर्ति सुचारू होने की संभावना है। गांधी चौराहे से निकली रैली घेराव से पहले कांग्रेसजन गांधी चौराहे पर एकत्र हुए। यहां से रैली सरदार पटेल चौराहा, महाराणा प्रताप बस स्टैंड और महू-नीमच मार्ग होते हुए वाहनों से एमपीईबी कार्यालय पहुंची। प्रदर्शन को विभिन्न ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों और पार्टी पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विकास दशोरा ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि बेरोजगार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुरेश टेलर ने आभार माना। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक मौजूद रहे।

Oct 13, 2026 - 08:09
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0