कालाखेत से हटाया अतिक्रमण, अब दूसरे स्थानों पर फिर जमावड़ा बीपीएल चौराहे से घंटाघर तक नगर पालिका और यातायात पुलिस की कार्रवाई, यात्री प्रतीक्षालय में दिनभर बैठे रहने की भी शिकायत
मंदसौर। कालाखेत से अतिक्रमण हटाने और साठिया समाज के लोगों को शिवना नदी किनारे जमीन आवंटित करने के बाद भी शहर के सार्वजनिक स्थानों पर जमावड़े का मुद्दा फिर सामने आने लगा है। नेहरू बस स्टैंड से लेकर बीपीएल चौराहे और घंटाघर तक लोगों की मौजूदगी को लेकर मिल रही शिकायतों के बीच गुरुवार को नगर पालिका और यातायात पुलिस ने कार्रवाई की। सालों की मशक्कत के बाद कालाखेत क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था। उस दौरान स्थिति ऐसी बनी थी कि कई दिनों तक क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात रखना पड़ा। प्रशासन ने इसके बाद समाज के लोगों के लिए शिवना नदी के किनारे वैकल्पिक जमीन आवंटित की थी। इसके बावजूद शहर के प्रमुख स्थानों पर दोबारा जमावड़ा होने की शिकायतें सामने आने लगी हैं। यात्री प्रतीक्षालय में बैठने की शिकायत नेहरू बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय में समाज के कुछ लोगों के दिनभर बैठे रहने की शिकायत भी प्रशासन तक पहुंची। इसके अलावा कालाखेत, बीपीएल चौराहे और घंटाघर क्षेत्र में लोगों की मौजूदगी को लेकर भी शिकायतें की गईं। इन शिकायतों के बाद गुरुवार को बीपीएल चौराहे से घंटाघर तक अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा कब्जा करने की कोशिश कर रहे कुछ लोगों को हटाया गया। फिर उठने लगा सार्वजनिक स्थानों का मुद्दा कालाखेत से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन को लंबे समय तक प्रयास करने पड़े थे। अब शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर फिर से जमावड़े और कब्जे की कोशिशों की शिकायतें सामने आने से सार्वजनिक स्थलों के उपयोग और व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

