त्योहारों पर बिजली कटौती नहीं, जनप्रतिनिधियों के पत्रों का 20 दिन में हो निराकरण सांसद सुधीर गुप्ता ने विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, ट्रांसफार्मर और अन्य उपकरणों की चोरी पर सख्त कार्रवाई के लिए कहा

मंदसौर। त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे जाने वाले पत्रों का 15 से 20 दिनों के भीतर निराकरण किया जाए। यह निर्देश सांसद सुधीर गुप्ता ने मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के मंदसौर डिवीजन कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों को दिए। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों, जनसमस्याओं तथा विद्युत संसाधनों की सुरक्षा की समीक्षा की गई। सांसद ने कहा कि त्योहारों के दौरान बिजली कटौती से आमजन को परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए विद्युत लाइनों और उपकरणों का रखरखाव समय रहते पूरा किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में रबी की फसलों की सिंचाई के लिए किसानों को समय पर बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हों। योजनाओं के कार्यस्थलों पर लगें सूचना बोर्ड बैठक में केंद्र सरकार की आरडीएसएस और केएफडब्ल्यू योजनाओं, राज्य शासन की एसएसटीडी योजना तथा सौर ऊर्जा परियोजनाओं के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और निर्माण स्थलों पर योजना व कार्य से संबंधित पूरी जानकारी वाले सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए और विकास कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। पीएम सूर्यघर योजना की भी समीक्षा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए सांसद ने अधिकारियों से तुलनात्मक आंकड़े तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने योजना की जानकारी अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और सौर ऊर्जा अपनाने के लिए लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। विद्युत उपकरणों की चोरी पर होगी सख्ती बैठक में ट्रांसफार्मर, ऑयल, कॉइल सहित अन्य विद्युत उपकरणों की चोरी का मुद्दा भी उठा। सांसद ने चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके लिए पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आरोपियों की गिरफ्तारी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विद्युत संसाधनों की सुरक्षा और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विभाग को सक्रियता से काम करने के निर्देश दिए। सांसद ने जनप्रतिनिधियों द्वारा विद्युत संबंधी समस्याओं और विकास कार्यों के लिए भेजे जाने वाले पत्रों पर गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित पत्रों का 15 से 20 दिनों में निराकरण कर की गई कार्रवाई की जानकारी प्रत्युत्तर के माध्यम से संबंधित जनप्रतिनिधि को दी जाए। बैठक में अधीक्षण यंत्री योगेश आठनेरे, कार्यपालन यंत्री संचालन-संधारण मंदसौर दीपक बांदिल, मल्हारगढ़ के संतराम उइके, गरोठ के गिरीश शाक्य, सीतामऊ के अमित कुमार सिंह, एसटीसी के कार्यपालन यंत्री पियुष पंवार तथा वृत्त कार्यालय मंदसौर के सहायक यंत्री पंकज कुमावत सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Oct 16, 2026 - 08:20
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0