दूधाखेड़ी माता मंदिर के पास ट्रक ने बच्ची को कुचला, मौत के बाद भड़का आक्रोश गुस्साई भीड़ ने ट्रक में लगाई आग, चक्काजाम से गरोठ-भानपुरा मार्ग बंद; वाहनों की लगी लंबी कतार
गरोठ। मंदसौर जिले के प्रसिद्ध दूधाखेड़ी माताजी मंदिर के पास शनिवार शाम दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। असावदी गांव से चुनरी यात्रा में शामिल होकर लौट रही बच्ची को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने हंगामा करते हुए ट्रक में आग लगा दी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई और दूधाखेड़ी माताजी मंदिर के मुख्य द्वार के पास चक्काजाम कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, शनिवार को असावदी गांव से श्रद्धालु चुनरी यात्रा लेकर दूधाखेड़ी माता मंदिर पहुंचे थे। शाम करीब 5:30 बजे यात्रा से लौटते समय एक ट्रक की चपेट में आने से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। मृत बच्ची गांव के पूर्व सरपंच की पोती बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। बच्ची की मौत से आक्रोश, ट्रक में लगाई आग हादसे से गुस्साए ग्रामीणों और चुनरी यात्रा में शामिल लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और भीड़ ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को आग के हवाले कर दिया। ट्रक से उठते धुएं के बीच मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने तथा लोगों को शांत कराने के प्रयास शुरू किए। चक्काजाम से दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार आक्रोशित लोगों ने दूधाखेड़ी माताजी मंदिर के मुख्य द्वार के पास चक्काजाम कर दिया। इससे गरोठ-भानपुरा मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। मौके पर करीब एक घंटे से जाम रहने के कारण वाहनों की लगभग दो किलोमीटर लंबी कतार लग गई। गरोठ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामसनेही मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे और जाम खुलवाने के लिए लोगों से चर्चा की। पुलिस-प्रशासन स्थिति संभालने में जुटा हादसे के बाद घटनास्थल पर तनाव बना हुआ है। पुलिस और प्रशासन की टीमें आक्रोशित लोगों को शांत कराने तथा यातायात बहाल करने में जुटी हैं। घटना के संबंध में भानपुरा थाना प्रभारी विजय बुंदेला से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। हादसे और उसके बाद की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी की पुष्टि की प्रतीक्षा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

