मंदसौर पुलिस लाइन में मनाया 67वां पुलिस स्मृति दिवस, शहीदों को दी श्रद्धांजलि पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन, शहीद परेड कर वीर जवानों को दी सलामी

मंदसौर। जिला पुलिस लाइन में मंगलवार को 67वां पुलिस स्मृति दिवस परंपरागत रूप से मनाया गया। इस अवसर पर कर्तव्य निर्वहन के दौरान देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस कर्मचारियों ने शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान का स्मरण किया। कार्यक्रम में शहीद परेड का आयोजन किया गया। प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह राजपूत के नेतृत्व और कमान में पुलिस बल ने शहीदों को सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस लाइन में आयोजित समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने वीर जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया। इस अवसर पर जिला दंडाधिकारी दिव्यांक सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय दुर्गा पाटीदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंदसौर तेर सिंह बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामस्नेही मिश्रा, डीएफओ संजय रायखेड़ा, रक्षित निरीक्षक दिनेश बेन सहित राजपत्रित पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। उल्लेखनीय है कि देशभर में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस उन पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों के जवानों की स्मृति को समर्पित है, जिन्होंने देश की रक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राण न्योछावर कर दिए। मंदसौर पुलिस ने शहीदों के आदर्शों पर चलने तथा जनसेवा, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Oct 22, 2026 - 08:07
 0  1

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0