चलते ट्रैक्टर से गिरा 5 साल का मासूम, पिछले टायर के नीचे आने से मौत मां के साथ मजदूरी पर जा रहा था कार्तिक, रिंगनोद थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
मंदसौर। रतलाम जिले में रविवार को चलते ट्रैक्टर से गिरने के बाद पिछले टायर के नीचे आने से पांच साल के मासूम की मौत हो गई। बच्चा अपनी मां के साथ मजदूरी के लिए मेहंदी गांव से दतरावदा जा रहा था। रास्ते में अचानक वह ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और टायर की चपेट में आ गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे को स्थानीय लोगों की मदद से मंदसौर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कार्तिक पिता दशरथ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर मजदूरों को लेकर मेहंदी गांव से दतरावदा जा रहा था। कार्तिक की मां धापू बाई ट्रॉली में बैठी थी, जबकि उसने बेटे को ट्रैक्टर में बैठाया था। इसी दौरान कार्तिक चलते ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और पिछले बड़े टायर की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी जान चली गई। मंदसौर जिला अस्पताल पुलिस चौकी में पदस्थ नासिर हुसैन के अनुसार, हादसा रतलाम जिले के रिंगनोद थाना क्षेत्र में हुआ। घटना की सूचना संबंधित थाने की पुलिस को दे दी गई है। रिंगनोद पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

