मानसून- पुलियाओं पर चढ़ा पानी, 48 घंटे में 3.38 इंच बारिश एसपी विनोद कुमार मीना ने नाहरगढ़-बिल्लोद पुलिया का जायजा लिया, कलाभाटा बांध के गेट खोले; 48 घंटे में 3.38 इंच बारिश

मंदसौर। जिले में सक्रिय मानसून ने बुधवार को भी अपना असर बनाए रखा। लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया और कई पुलियाओं पर पानी पहुंचने से आवागमन रोकना पड़ा। कलाभाटा बांध में पानी की आवक बढ़ने के बाद गेट खोले गए, जिससे शिवना नदी का जलस्तर बढ़ गया। पशुपतिनाथ मंदिर की छोटी पुलिया और नाहरगढ़-बिल्लोद मार्ग की पुलिया पर पानी आने के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। लोगों को पानी के बीच से पुलिया पार करने से रोका गया। सोमवार से शुरू हुआ बारिश का दौर बुधवार को भी जारी रहा। मंदसौर शहर सहित दलौदा, अफजलपुर, सीतामऊ, नाहरगढ़, भानपुरा, गरोठ, सुवासरा, शामगढ़, मल्हारगढ़, पिपलियामंडी, नारायणगढ़, डिगांव और बरखेड़ा सहित जिले के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में जिले में 1.82 इंच वर्षा दर्ज की गई, जबकि 48 घंटे में कुल 3.38 इंच बारिश हो चुकी है। बुधवार दोपहर कुछ समय के लिए मौसम खुला और धूप खिली, लेकिन शाम होते-होते फिर आसमान बादलों से घिर गया। मौसम के इस बदलते मिजाज के बीच तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। कलाभाटा बांध में बढ़ी पानी की आवक लगातार बारिश के कारण कलाभाटा बांध में पानी की आवक बढ़ गई। मंगलवार को बांध के दो छोटे गेट करीब तीन-तीन फीट खोले गए थे। बुधवार को भी एक गेट करीब तीन फीट तक खोला गया। बांध से पानी छोड़े जाने और लगातार हो रही बारिश के कारण शिवना नदी का जलस्तर बढ़ा, जिसका असर पशुपतिनाथ मंदिर क्षेत्र की छोटी पुलिया पर दिखाई दिया। पुलिया जलमग्न होने के बाद एहतियात के तौर पर यहां से आवागमन बंद कर दिया गया। पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे और लोगों को पुलिया पार करने से रोकते रहे। नाहरगढ़-बिल्लोद मार्ग भी बंद शिवना नदी का पानी नाहरगढ़-बिल्लोद मार्ग की पुलिया पर भी पहुंच गया। पानी का बहाव बढ़ने के बाद यहां यातायात रोक दिया गया। नाहरगढ़ पुलिस ने पुलिया के दोनों ओर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और लोगों को पानी के बीच से निकलने से रोका। पुलिया पर बढ़ते पानी और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने एसपी विनोद कुमार मीना भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का निरीक्षण किया और तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन और पुलिस की ओर से लोगों को पानी का बहाव कम होने तक पुलिया पार नहीं करने की हिदायत दी गई है। इस सीजन अब तक 19.18 इंच बारिश मंदसौर जिले में इस मानसूनी सीजन में अब तक 19.18 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। पिछले वर्ष इसी अवधि तक 19.76 इंच बारिश हुई थी। इस लिहाज से इस वर्ष अब तक पिछले साल की तुलना में 0.58 इंच कम वर्षा हुई है। हालांकि पिछले दो दिनों में हुई बारिश से जिले की वर्षा के आंकड़े में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। 12 से 15 अगस्त तक बारिश के और सक्रिय रहने के आसार मौसम विभाग के अनुसार 12 से 15 अगस्त के बीच जिले में मानसून की गतिविधियां और सक्रिय रह सकती हैं। इस दौरान कई क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। 16 अगस्त के बाद बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने का अनुमान है, लेकिन मानसून की गतिविधियां पूरी तरह समाप्त नहीं होंगी। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और पुलियाओं पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पानी के तेज बहाव के दौरान पुलिया पार करने का प्रयास नहीं करने और आवश्यकता होने पर सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

Aug 13, 2026 - 08:25
 0  1

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0