मारुति ईको में ले जा रहे थे 2 क्विंटल 27 किलो डोडाचूरा, नाहरगढ़ पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा बिल्लोद-नाहरगढ़ रोड पर पुलिया के पास कार्रवाई, देवरी का आरोपी गिरफ्तार; 3.40 लाख का डोडाचूरा और 5 लाख का वाहन जब्त
मंदसौर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नाहरगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मारुति ईको वाहन से 2 क्विंटल 27 किलो डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने वाहन चालक दिनेश दास बैरागी, निवासी देवरी को गिरफ्तार किया है। जब्त डोडाचूरा की कीमत करीब 3 लाख 40 हजार 500 रुपए और वाहन की कीमत 5 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस के अनुसार 30 अक्टूबर को नाहरगढ़ थाने में पदस्थ कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक दशरथ माली को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिल्लोद की ओर से एक मारुति ईको वाहन में डोडाचूरा भरकर तस्कर बिल्लोद से देवरी की तरफ जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बिल्लोद-नाहरगढ़ रोड पर पुलिया के पास घेराबंदी कर नाकाबंदी की। इसी दौरान बिल्लोद की ओर से आई संदिग्ध मारुति ईको को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में 2 क्विंटल 27 किलो डोडाचूरा मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त मारुति ईको वाहन जब्त कर आरोपी दिनेश दास बैरागी, पिता रामदास बैरागी, निवासी देवरी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टीएस बघेल एवं एसडीओपी गिरीश जेजुलकर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक वरुण तिवारी और उनकी टीम ने की। पुलिस ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

