त्योहारों में लोगों की सेहत से खिलवाड़! डेयरी से 53 किलो संदिग्ध नकली पनीर जब्त, दुकान सील
गरोठ। त्योहारों के बीच खाद्य पदार्थों में मिलावट का मामला सामने आया है। गरोठ में नकली पनीर की सूचना पर राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने एक दूध डेयरी पर कार्रवाई करते हुए करीब 53 किलो संदिग्ध नकली पनीर बरामद किया। पनीर राजस्थान के पचपहाड़ से मंगवाया गया था। प्रशासन ने डेयरी को सील करने की कार्रवाई की है, जबकि दुकान संचालक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार, नकली पनीर की सूचना मिलने पर राजस्व और खाद्य विभाग की टीम आत्माराम दूध डेयरी पहुंची। टीम ने पनीर के नमूने लेने के साथ ही डेयरी में रखे अन्य खाद्य पदार्थों की भी जांच की। पूछताछ में दुकान संचालक ने बताया कि पनीर बाहर से मंगवाया गया था। बाद में उसने राजस्थान के पचपहाड़ निवासी महेश पाटीदार से पनीर मंगवाने की जानकारी दी। कार्रवाई की सूचना मिलने पर गरोठ एसडीएम राहुल चौहान और थाना प्रभारी बलवीरसिंह यादव भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम चौहान ने बताया कि डेयरी से करीब 53 किलो संदिग्ध नकली पनीर मिला है, जिसे राजस्थान से मंगवाया गया था। डेयरी को सील किया जा रहा है और संचालक के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। खाद्य विभाग पनीर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजेगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पनीर की गुणवत्ता और उसमें मिलावट की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

