राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर को भाजपा किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कमान राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मिली बड़ी जिम्मेदारी, घोषणा के साथ समर्थकों में जश्न; डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा सहित भाजपा नेताओं ने पहुंचकर दी बधाई

मंदसौर। भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही मंदसौर को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर को भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी की घोषणा होते ही मंदसौर में उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। बधाई देने वालों का सिलसिला भी शुरू हो गया। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा सहित भाजपा के कई नेताओं ने बंशीलाल गुर्जर से मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। बंशीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कमान मिलने को मंदसौर के राजनीतिक और संगठनात्मक प्रभाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। किसान बहुल क्षेत्र से आने वाले गुर्जर को राष्ट्रीय स्तर पर किसानों से जुड़े संगठन की जिम्मेदारी मिलने से क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। घोषणा के बाद उनके समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई और सोशल मीडिया पर भी बधाई संदेशों का दौर शुरू हो गया। राष्ट्रीय टीम में कई बड़े बदलाव भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में इस बार कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। भाजपा आईटी सेल के प्रभारी अमित मालवीय को पद से हटाया गया है और उनकी जगह दीपक म्हस्के को जिम्मेदारी दी गई है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर बनी रहेंगी। राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष भी अपनी जिम्मेदारी पर कायम रहेंगे। नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम में 13 उपाध्यक्ष, 8 महासचिव, 16 सचिव और 28 सदस्य शामिल किए गए हैं। उत्तर प्रदेश से दो मुस्लिम चेहरों तारिक मंसूर और बासित अली को भी राष्ट्रीय टीम में जगह दी गई है। 12 महिलाओं को मिली जिम्मेदारी नई राष्ट्रीय टीम में 12 महिलाओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। वसुंधरा राजे, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन दोशी, डॉ. भारती पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। स्मृति ईरानी को महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। कविता पाटीदार, फांग्नोन कोन्यक और संगीता यादव को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। इसके अलावा रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा अध्यक्ष और प्रीति गांधी को सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। महिला प्रतिनिधित्व में उत्तर प्रदेश की तीन महिलाओं को जगह मिली है, जबकि महाराष्ट्र की दो और अन्य राज्यों की एक-एक महिला को जिम्मेदारी दी गई है। 209 दिन पहले संभाली थी राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी नितिन नवीन ने करीब 209 दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने जेपी नड्डा का स्थान लिया था। नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया था। 45 वर्ष की उम्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के साथ वे भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। अब उनके नेतृत्व में गठित नई राष्ट्रीय टीम में संगठन के साथ विभिन्न राज्यों और सामाजिक समूहों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की गई है।

Aug 18, 2026 - 08:28
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0