किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पशुपतिनाथ पहुंचे बंशीलाल गुर्जर, पूजा-अर्चना कर मांगी क्षेत्र की सुख-समृद्धि
मंदसौर। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर मंगलवार को विश्वप्रसिद्ध भगवान पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने सपत्निक नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर और समर्थकों के साथ भगवान पशुपतिनाथ की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद गुर्जर नालछा माता मंदिर भी पहुंचे, जहां उन्होंने माता की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति के बाद मंगलवार को उन्होंने सबसे पहले भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन किए। मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने क्षेत्रवासियों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे नालछा माता मंदिर पहुंचे और वहां भी पूजा-अर्चना की। बंशीलाल गुर्जर ने ग्राम लालघाटी के सरपंच के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। इसके बाद वे भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। प्रदेश स्तर पर भी उन्होंने संगठन के कई दायित्व निभाए। किसान नेता के रूप में उनकी पहचान बनी और वे लंबे समय तक मंदसौर कृषि उपज मंडी से जुड़े रहे। इस दौरान उन्होंने तीन बार मंडी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। भाजपा किसान मोर्चा में सक्रिय भूमिका के बाद गुर्जर को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद वे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय महामंत्री भी रहे। भाजपा ने उन्हें विभिन्न राज्यों में चुनाव और संगठन से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारियां सौंपीं। अब किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद मंगलवार को उन्होंने धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

