भरण-पोषण की 2.16 लाख राशि नहीं दी, पेशी से भी रहा फरार; मुंबई से स्थायी वारंटी गिरफ्तार
मंदसौर। दलौदा थाना पुलिस ने न्यायालय से जारी स्थायी वारंट के मामले में फरार चल रहे वारंटी को मुंबई महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी सद्दाम पिता सत्तार मंसुरी, निवासी ग्राम अमलावद, को पुलिस टीम ने सीलफाटा, मुंबई से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद उसे कुटुंब न्यायालय मंदसौर के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस के अनुसार प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय मंदसौर के समक्ष प्रकरण क्रमांक 291/19 धारा 125(3) दंड प्रक्रिया संहिता के तहत श्रीमती हिना विरुद्ध सद्दाम प्रकरण चल रहा है। न्यायालय के आदेश के बावजूद सद्दाम ने आवेदिका को 2 लाख 16 हजार रुपए की भरण-पोषण राशि का भुगतान नहीं किया। साथ ही वह न्यायालय में पेशियों पर भी उपस्थित नहीं हुआ। लगातार न्यायालय में अनुपस्थित रहने और गिरफ्तारी से बचने के कारण न्यायालय ने सद्दाम को फरार घोषित करते हुए 23 नवंबर 2023 को उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया था। वारंट जारी होने के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बच रहा था। पुलिस को मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सद्दाम के मुंबई में फरारी काटने की जानकारी मिली। सूचना के बाद थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी के नेतृत्व में पुलिस टीम मुंबई के सीलफाटा पहुंची और तलाश के बाद सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे मंदसौर लाकर कुटुंब न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपी सद्दाम पिता सत्तार मंसुरी निवासी ग्राम अमलावद, थाना दलौदा, उम्र 30 वर्ष है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोदसिंह तोमर और प्रधान आरक्षक अजितसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

