11 लाख का सोना लेकर दो कारीगर भाई फरार, सराफा व्यापारी ने थाने में दी शिकायत चांदनी चौक के ज्वेलर्स ने जेवर बनाने के लिए दिए थे 70 ग्राम सोना; किराए के घर पर मिला ताला, बंगाली कारीगर संघ ने कई कारोबारियों से 1 करोड़ से ज्यादा का सोना ले जाने का दावा किया

रतलाम। सराफा बाजार में एक बार फिर कारीगरों के सोना लेकर गायब होने का मामला सामने आया है। चांदनी चौक स्थित श्री आशापुरा ज्वेलर्स के संचालक चेतन सोनी ने दो कारीगर भाइयों पर करीब 70 ग्राम सोना लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। सोने की कीमत करीब 11 लाख रुपए बताई जा रही है। व्यापारी ने दोनों कारीगरों को जेवर बनाने के लिए सोना दिया था, लेकिन तय समय पर जेवर वापस नहीं मिले। जब कर्मचारी उनके किराए के घर पहुंचा तो वहां ताला लगा मिला। इसके बाद मंगलवार शाम व्यापारी ने माणकचौक थाने पहुंचकर पुलिस को आवेदन दिया। चेतन सोनी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि करीब पांच दिन पहले उन्होंने जेवर तैयार कराने के लिए अजीज बंगाली और अजीम बंगाली नाम के दो कारीगर भाइयों को करीब 70 ग्राम सोना दिया था। दोनों को निर्धारित समय में जेवर तैयार कर वापस करने थे। समय बीतने के बाद जब जेवर नहीं मिले तो कर्मचारी को उनके किराए के घर भेजा गया। वहां ताला लगा मिला। इसके बाद दोनों कारीगरों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। व्यापारी ने मामले की जानकारी माणकचौक पुलिस को दी। पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब दोनों कारीगरों के ठिकानों, मोबाइल नंबर और शहर से बाहर जाने की जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों कारीगर रतलाम में कहां काम करते थे और उनके संपर्क में कौन-कौन लोग थे। इधर, बंगाली कारीगर संघ के अध्यक्ष ने दावा किया है कि दोनों भाई केवल एक व्यापारी का सोना लेकर नहीं गए हैं। उनके अनुसार, कई बंगाली कारीगरों का सोना भी दोनों के पास था और वे उसे लेकर गायब हुए हैं। संघ अध्यक्ष ने दावा किया कि कथित तौर पर गायब सोने की कुल कीमत 1 करोड़ रुपए से अधिक हो सकती है। हालांकि, अभी तक किसी अन्य कारीगर या व्यापारी ने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी है। इसलिए फिलहाल पुलिस के सामने आधिकारिक रूप से एक ही व्यापारी की शिकायत है, जिसमें करीब 70 ग्राम सोने की बात सामने आई है। सराफा कारोबार में कारीगरों को जेवर बनाने के लिए सोना सौंपा जाता है और यह काम काफी हद तक आपसी भरोसे पर चलता है। ऐसे में कारीगरों के सोना लेकर गायब होने की घटना से व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। अब पुलिस की जांच से ही स्पष्ट होगा कि दोनों कारीगर वास्तव में कहां गए हैं और उनके पास कितने सोने का माल था। पुलिस कारीगरों की तलाश के साथ अन्य संभावित शिकायतों की भी जानकारी जुटा रही है। यदि अन्य व्यापारियों की ओर से शिकायतें सामने आती हैं तो मामले में कथित तौर पर गायब सोने की मात्रा और कीमत बढ़ सकती है।

Aug 27, 2026 - 08:24
 0  1

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0