अलग-अलग मामलों में मारपीट के तीन मामलों में 5 पर केस दर्ज
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मारपीट के तीन मामलों में पांच लोगों पर केस दर्ज हुए।
गाली-गलौज को लेकर मारपीट, 3 पर केस दर्ज
नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोलवा में गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति के साथ तीन लोगों ने मारपीट कर दी। पुलिस ने रमेश रावत मीणा की रिपोर्ट पर दुर्गा बाई रावत मीणा, गोपाल रावत मीणा और राहुल रावत मीणा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। रमेश गांव में नाई की दुकान पर सामान लेने गया था। इसी दौरान दुर्गा बाई ने उससे गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। कुछ देर बाद दुर्गा बाई अपने पति गोपाल और बेटे राहुल के साथ रमेश के घर पहुंची। राहुल ने मारपीट की, जबकि गोपाल ने लट्ठ से हमला कर दिया। हमले में रमेश को आंख, गले, कूल्हे, पैर और हाथ में चोट आई। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। इलाज के बाद रमेश ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
बेटे से विवाद को लेकर पिता-पुत्र से मारपीट, आरोपी पर केस:-
नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम आक्यापालरा में पुराने विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने पिता-पुत्र के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने सत्यनारायण बावरी की रिपोर्ट पर भेरुलाल बावरी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सत्यनारायण ने पुलिस को बताया कि करीब एक महीने पहले उसके बेटे फुलसिंह और भेरुलाल के बीच विवाद हुआ था, जिसका समझौता हो चुका था। लेकिन 27 अगस्त को भेरुलाल घर आया और फुलसिंह के बारे में पूछते हुए गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने पत्थर से सत्यनारायण की पीठ पर हमला किया। बीच-बचाव करने आए उसके बेटे मुकेश पर भी धारदार हथियार के पिछले हिस्से से हमला किया, जिससे चोट लगने पर खून निकलने लगा। ग्रामीणों ने दोनों को बचाया। आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी।
अंतिम संस्कार में गाली देने से रोका तो समिति अध्यक्ष से मारपीट, धमकी:-
नारायणगढ़ के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के दौरान गाली देने से रोकने पर एक व्यक्ति ने श्मशान घाट समिति अध्यक्ष से मारपीट कर दी। पुलिस ने कमलकिशोर पाटीदार की रिपोर्ट पर गोपाल पाटीदार के खिलाफ मामला दर्ज किया। रिपोर्ट के अनुसार घटना के दौरान गोपाल पाटीदार ने श्मशान घाट समिति अध्यक्ष बंशीलाल पाटीदार से गाली-गलौज की। गाली देने से रोकने पर गोपाल ने बंशीलाल का गला पकड़कर हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़ाया। जाते समय आरोपी ने दोबारा श्मशान घाट आने पर जान से मारने की धमकी दी।