सरकारी जमीन के विवाद में चली तलवारें, बुजुर्ग का हाथ कटा, युवक पर जानलेवा हमला
मनासा, 4 अगस्त। नीमच जिले की मनासा तहसील के तेजपुरिया गांव में शासकीय जमीन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच धारदार हथियारों से हमला होने पर एक बुजुर्ग का हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मनासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल शासकीय चिकित्सालय पहुंचाकर उपचार शुरू कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार फरियादी विक्रम सिंह पिता ज्वाला सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि शासकीय जमीन के विवाद के दौरान लक्ष्यमण सिंह, शक्कुबाई तथा मनासा निवासी राकेश पिता मिट्ठूलाल राठौर ने तलवार से हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग बालूसिंह पिता गोकुल सिंह का हाथ कटकर अलग हो गया, जबकि फरियादी विक्रम सिंह की गर्दन और पीठ पर गंभीर वार किए गए। गंभीर रूप से घायल विक्रम सिंह को 22 टांके आए हैं और उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निलेश अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने बताया कि दो पक्षों के बीच शासकीय जमीन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिससे गंभीर जनहानि हुई। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है तथा मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

