पैराडाइज वैली में पिकनिक के दौरान हादसा, डूबने से 2 शिक्षकों और छात्र की मौत बच्चों को डूबता देख बचाने पानी में उतरे थे शिक्षक, एक छात्रा को ग्रामीणों ने बचाया

रतलाम। शहर से करीब 11 किमी दूर पैराडाइज वैली पिकनिक स्पॉट पर रविवार दोपहर पिकनिक मनाने पहुंचे विद्यार्थियों के साथ हादसा हो गया। पानी में डूबने से दो शिक्षकों और कक्षा 7वीं के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि एक छात्रा को बचा लिया गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में जावरा के त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल के शिक्षक प्रिंस मोदी (22), विजय सिंह राठौर (42) और कक्षा 7वीं के छात्र हर्षित पाटीदार (12) शामिल हैं। जानकारी के अनुसार त्रिमूर्ति कॉन्वेंट स्कूल के कक्षा 7वीं और 9वीं के करीब 17 विद्यार्थी रविवार सुबह करीब 10.30 बजे स्कूल स्टाफ के साथ बस से जावरा से पैराडाइज वैली पहुंचे थे। सभी विद्यार्थी स्कूल के म्यूजिक ग्रुप से जुड़े बताए गए हैं। विद्यार्थियों के साथ प्रिंसिपल संदीप सक्सेना, शिक्षक शिवम राठौर, विजय सिंह राठौर, परवेज खान, प्रिंस मोदी और लेखापाल विजेंद्र सिंह भी मौजूद थे। दोपहर करीब 2.30 से 3 बजे के बीच कुछ विद्यार्थी पानी के पास पहुंचे। इसी दौरान कक्षा 7वीं के छात्र हर्षित पाटीदार और कक्षा 9वीं की छात्रा खुशी पिता नंदलाल रायकवार (15) का पैर फिसल गया और दोनों पानी में चले गए। बच्चों को डूबता देखकर शिक्षक प्रिंस मोदी और विजय सिंह राठौर उन्हें बचाने के लिए पानी में उतर गए। बचाव के दौरान खुशी को पानी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन हर्षित को बचाने की कोशिश में दोनों शिक्षक गहरे पानी में चले गए। बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी और परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने हर्षित और दोनों शिक्षकों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद तीनों को सीपीआर दिया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। एसडीईआरएफ की टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने तीनों को पानी से बाहर निकाल लिया था। हादसे के बाद तीनों शवों को रतलाम मेडिकल कॉलेज लाया गया। बाद में स्कूल बस से शवों को जावरा भेजा गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा। हादसे में बचाई गई छात्रा खुशी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीम घटना की जानकारी जुटा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Aug 24, 2026 - 08:05
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0