मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का आगाज: गांव-गांव पहुंचे अफसर, 325 से अधिक आवेदन मिले, 76 का मौके पर ही निराकरण
मंदसौर, शुक्रवार। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को मंदसौर जिले में प्रशासन गांवों की चौपाल तक पहुंचा। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित निराकरण की प्रक्रिया शुरू की। अभियान के मुख्य शिविर का आयोजन मल्हारगढ़ में हुआ, जहां मल्हारगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों से प्राप्त 325 से अधिक आवेदनों में से 76 शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष प्रकरणों के समाधान के लिए विभागवार समय-सीमा निर्धारित की गई। सुबह कलेक्टोरेट परिसर से उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, कलेक्टर दिव्यांक सिंह, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित जिला स्तरीय अधिकारी अलग-अलग दलों में रवाना हुए। अधिकारियों ने गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया तथा विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए। मल्हारगढ़ में आयोजित मुख्य शिविर को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का निराकरण मौके पर संभव है, उनका तत्काल समाधान किया जाएगा, जबकि जिला अथवा राज्य स्तर के मामलों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से प्रत्येक शुक्रवार आयोजित होने वाले शिविरों में अपनी समस्याएं और आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की। शिविर में आयोजित उद्यम संवाद कार्यक्रम में शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के माध्यम से करोड़ों रुपये के स्वीकृति पत्र एवं चेक वितरित किए। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत धर्मराज सिंह चौहान को परिवहन व्यवसाय के लिए 20 लाख रुपये तथा प्रखर गुप्ता को किराना व्यवसाय के लिए दो लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई। पशुपालन विभाग की कामधेनु योजना के अंतर्गत प्रकाशचंद पाटीदार को 42 लाख रुपये, जबकि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना के तहत अर्जुनलाल को 9.90 लाख रुपये एवं जयदेव सिंह को मूंगफली तेल प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने के लिए 22.89 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। पीएम स्वनिधि योजना के तहत पुष्पक, विजय धाकड़िया, हनिफा खान, दिलीप एवं पूजा भाटी को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई। वहीं मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की सखी स्वावलंबन योजना के अंतर्गत मीनाक्षी शर्मा और पायल दाना को 50-50 हजार रुपये के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। अभियान के दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्राम चंदवासा पहुंचकर लगभग सवा करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन देवनारायण मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर निर्माण समिति के सदस्यों से चर्चा कर निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद बरखेड़ा देवडूंगरी में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। यहां आयुष्मान आरोग्य मंदिर भवन, 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित डोम, उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण किया तथा वृक्षारोपण भी किया। ग्राम लसूडिया कदमाला में उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना के तहत स्थापित जयदेव सिंह की ऑयल मिल का शुभारंभ किया। लगभग 22.90 लाख रुपये की लागत से स्थापित इस इकाई को योजना के तहत 10 लाख रुपये का अनुदान भी स्वीकृत हुआ है। उन्होंने हितग्राही को शुभकामनाएं देते हुए अन्य ग्रामीणों से भी स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने शिविर में अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रत्येक आवेदन को पोर्टल पर दर्ज कर ट्रैकिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिन आवेदनों का तत्काल निराकरण संभव हो, उन्हें मौके पर ही निपटाया जाए तथा शेष मामलों के लिए विभागवार समय-सीमा तय की जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का भी अभियान के दौरान प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के पहले दिन जिले में छह दलों के माध्यम से 102 अधिकारियों ने मल्हारगढ़ विकासखंड के 26 गांवों और मल्हारगढ़ नगर के सभी 15 वार्डों का भ्रमण किया। अधिकारियों ने घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की। जिला प्रशासन ने इसे शासन और आमजन के बीच विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

