गैस कटर से एटीएम काटकर 7 लाख ले उड़े बदमाश शटर गिराकर कैमरों पर केमिकल स्प्रे किया पूरी तैयारी के साथ वारदात; गरोठ में बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को बनाया निशाना
गरोठ। जिले के गरोठ में बदमाशों ने बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को निशाना बनाकर गैस कटर से मशीन काट दी और उसमें रखे करीब 7 लाख रुपये चुराकर फरार हो गए। वारदात 29-30 अगस्त की दरमियानी रात भानपुर रोड स्थित बैंक के पास बने एटीएम बूथ में हुई। बदमाश पूरी तैयारी के साथ बूथ में दाखिल हुए। अंदर घुसते ही उन्होंने शटर गिरा दिया और सीसीटीवी कैमरों पर केमिकल का स्प्रे कर दिया, ताकि उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद न हो सकें। इसके बाद गैस कटर से एटीएम काटकर उसमें रखी नकदी निकाल ली और मौके से फरार हो गए। चोरी की वारदात का पता सोमवार सुबह उस समय चला, जब एटीएम में कैश डालने के लिए कर्मचारी पहुंचे। एटीएम की हालत देखकर उन्होंने बैंक अधिकारियों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही गरोठ थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। बैंक के शाखा वरिष्ठ प्रबंधक विनोद ने बताया कि 29-30 अगस्त की रात एटीएम में चोरी हुई, जिसमें करीब 7 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में उन्होंने बताया कि बैंक को सुरक्षा गार्ड रखने के लिए ऊपर से कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ था। मामले में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने एटीएम बूथ और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। वारदात के दौरान संदिग्धों की आवाजाही और उनके संभावित मार्ग की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ भी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

