जनसुनवाई में पहुंचे 99 फरियादी, कलेक्टर ने सुनीं समस्याएं; अधिकारियों को समय-सीमा में समाधान के निर्देश
मंदसौर, 8 सितंबर। जिला स्तरीय जनसुनवाई में मंगलवार को जिलेभर से 99 आवेदक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर दिव्यांक सिंह और जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर समय-सीमा में नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सबसे अधिक मामले राजस्व और भूमि संबंधी रहे। ग्राम रिछाबच्चा निवासी ओमनारायण ने राजस्व नक्शे में त्रुटि सुधार के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने एसडीएम मंदसौर को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। खेड़ा कोयला निवासी बसंतीबाई ने भूमि का सीमांकन कराने और पट्टे की भूमि यथावत रखने की मांग की। मामले में एसडीएम मल्हारगढ़ को जांच कर उचित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। सातलखेड़ा निवासी लक्ष्मीनारायण ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग रखी। इस पर तहसीलदार धुंधड़का को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, आक्या निवासी महिपालसिंह ने रास्ता चालू करवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने तहसीलदार सीतामऊ को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। जनसुनवाई में मुआवजा राशि दिलाने, अतिक्रमण हटाने, संपत्तिकर रजिस्टर में नाम दोबारा दर्ज कराने, शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने और भवन निर्माण की अनुमति से संबंधित आवेदन भी आए। इसके अलावा आर्थिक सहायता, पट्टा प्रदान करने, दिव्यांग छात्रावास में प्रवेश और मुख्यमंत्री कृषक कल्याण योजना का लाभ दिलाने जैसी मांगें भी आवेदकों ने रखीं। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर पात्रता के अनुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने आवेदकों की समस्याओं के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं करने और तय समय-सीमा में कार्रवाई पूरी करने पर जोर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

