अवैध शराब के खिलाफ तीन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई: 850 लीटर लहान नष्ट, 65 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त; एक गिरफ्तार, एक फरार

मंदसौर। जिले में अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई बुधवार को भी जारी रही। शामगढ़, अफजलपुर और नाहरगढ़ थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने जंगलों, खेतों और डेरों में दबिश देकर करीब 850 लीटर अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार लहान नष्ट किया। वहीं 65 लीटर कच्ची हाथ भट्टी की महुआ शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी फरार है। शामगढ़ के बोरवनी जंगल में 400 लीटर लहान नष्ट: शामगढ़ थाना पुलिस ने ग्राम बोरवनी के जंगलों में सघन सर्चिंग के दौरान करीब 400 लीटर महुआ लहान और लहान तैयार करने के लिए रखे डिब्बे नष्ट किए। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बोरवनी निवासी नरेंद्रसिंह (20) को पकड़ा। उसके कब्जे से दो प्लास्टिक केनों में 60 लीटर कच्ची हाथ भट्टी की शराब बरामद की गई। शराब के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पूछताछ में नरेंद्रसिंह ने पुलिस को बताया कि शराब वह बोरवनी निवासी तुफानसिंह से लेकर आया था। इसके बाद पुलिस ने तुफानसिंह को मामले में सह आरोपी बनाया। नरेंद्रसिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तुफानसिंह फरार है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। अफजलपुर में 450 लीटर लहान और तीन भट्टियां नष्ट: अफजलपुर थाना पुलिस ने ग्राम सीखेडी, जोगीखेड़ा, मगरा और आसपास के खेतों में सर्चिंग की। इस दौरान अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार 450 लीटर लहान मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। शराब बनाने में प्रयुक्त तीन भट्टियां भी नष्ट की गईं। कार्रवाई के दौरान 5 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर एक आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। नाहरगढ़ के बांछड़ा डेरे में भी दबिश: नाहरगढ़ थाना पुलिस ने ग्राम कालियाखेड़ी स्थित बांछड़ा डेरे में दबिश देकर अवैध कच्ची शराब बनाने के लिए तैयार लहान और निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री नष्ट की। पुलिस टीम ने शराब निर्माण के संभावित ठिकानों पर सर्चिंग कर कार्रवाई की। जिले में अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

Sep 10, 2026 - 07:52
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0