मंदसौर के श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली को बस ने मारी टक्कर, दो की मौत; 15 से अधिक घायल रामदेवरा, खाटूश्यामजी और पुष्कर दर्शन के बाद देवमाली जा रहे थे 31 श्रद्धालु; ब्यावर जिले के मसूदा क्षेत्र में हादसा
मंदसौर। धार्मिक यात्रा पर निकले मंदसौर जिले के श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को राजस्थान के ब्यावर जिले में बुधवार शाम तेज रफ्तार निजी बस ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार कालूलाल (65) और नाहर सिंह (62) की मौत हो गई। वहीं 15 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। गंभीर घायलों को अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल भेजा गया है। हादसा बुधवार शाम करीब 4.15 बजे मसूदा थाना क्षेत्र में खरवा गांव और मसूदा के बीच हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली में मंदसौर जिले के चार-पांच परिवारों के करीब 31 लोग सवार थे। सभी करीब 10 दिन पहले धार्मिक यात्रा के लिए निकले थे। श्रद्धालु रामदेवरा और खाटूश्यामजी के दर्शन करने के बाद पुष्कर पहुंचे थे। बुधवार को पुष्कर में दर्शन करने के बाद सभी देवमाली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही निजी बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सड़क से नीचे पलटी ट्रॉली: बस की टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई। ट्रॉली पलटने से उसमें सवार कई श्रद्धालु उछलकर दूर जा गिरे, जबकि कुछ लोग ट्रॉली के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही मसूदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने ट्रॉली के नीचे दबे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 15 से अधिक गंभीर घायलों को अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल भेजा गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

