तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी सामने से टक्कर, दो युवक घायल
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। महावीर विहार कॉलोनी गेट के पास बही-पार्श्वनाथ फंटे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। एक युवक के सिर में गंभीर अंदरूनी चोट आने से वह मौके पर ही बेहोश हो गया। दोनों घायलों का मंदसौर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार बानीखेड़ी निवासी विरम पिता नारायणसिंह सोलंकी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि उसके भाई किरणसिंह उर्फ करनसिंह ने फोन पर दुर्घटना की जानकारी दी थी। किरणसिंह अपने दोस्त परसराम थुरेचा को बाइक क्रमांक एमपी 14 एनई 0616 पर बैठाकर बरखेड़ापंथ स्थित सांवलियाजी मंदिर से प्रसाद वितरण करने के बाद बही-पार्श्वनाथ जैन मंदिर के दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान महावीर विहार कॉलोनी गेट के पास सामने से तेज गति और लापरवाहीपूर्वक आ रही कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में किरणसिंह के दाहिने हाथ, सिर और आंख पर चोट आई। वहीं, परसराम के सिर में गंभीर अंदरूनी चोट लगने से वह मौके पर ही बेहोश हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर टोल की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल मंदसौर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना में शामिल कार का नंबर एमपी 09 सीयू 3708 बताया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

